प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत-कतर के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और हाल के वर्षों में दोनों देशों के बहुआयामी संबंध सभी क्षेत्रों में गहरे हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले PM मोदी ने एक बयान में यह भी कहा कि पिछले नौ वर्षों में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में UAE के साथ भारत का सहयोग कई गुना बढ़ा है। यह UAE की प्रधानमंत्री मोदी की सातवीं और 2014 के बाद से कतर की दूसरी यात्रा होगी।
- PM मोदी ने कहा, भारत और कतर के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं
- बहुआयामी संबंध सभी क्षेत्रों में गहरे हुए हैं
- पिछले नौ वर्षों में UAE के साथ भारत का सहयोग कई गुना बढ़ा है- PM मोदी
भारत-कतर के बीच ऐतिहासिक संबंध- PM मोदी
उन्होंने कहा, भारत और कतर के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में, हमारे बहुआयामी संबंध उच्च स्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान, दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार और निवेश, हमारी ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करने और संस्कृति और शिक्षा में सहयोग सहित सभी क्षेत्रों में गहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अबू धाबी में वह संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलने तथा दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर व्यापक विचार-विमर्श करने के लिए उत्सुक हैं। PM मोदी ने कहा उन्हें हाल ही में गुजरात में नाहयान की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला, जहां वह वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में मुख्य अतिथि थे।
दुबई में नेताओं की सभा को संबोधित करेंगे PM
उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के निमंत्रण पर वह 14 फरवरी को दुबई में विश्व सरकार शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं की सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद के साथ मेरी चर्चा दुबई के साथ हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित होगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का भी उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा, BAPS मंदिर सद्भाव, शांति और सहिष्णुता के मूल्यों के लिए एक स्थायी समर्पण होगा, जिसे भारत और यूएई दोनों साझा करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अबू धाबी में एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि वह कतर में शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मिलने के लिए उत्सुक हैं। PM मोदी ने कहा कि उनके नेतृत्व में कतर जबरदस्त विकास और परिवर्तन का गवाह बन रहा है। उन्होंने कहा कि दोहा में 800,000 से अधिक भारतीय समुदाय की मजबूत उपस्थिति हमारे लोगों से लोगों के बीच मजबूत संबंधों का प्रमाण है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





