नादिया, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान से पहले नादिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ एजेंट पर जानलेवा हमला हुआ है। बंदूक की बट, लाठी और रॉड से भाजपा बूथ एजेंट को पीटा गया है, जिसमें उसे सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। भाजपा का प्रत्याशी सैकत सरकार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
चपरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सैकत सरकार ने आईएएनएस को बताया कि सुबह 6 बजे पार्टी का बूथ एजेंट बूथ पर जा रहा था। पार्टी के दूसरे सदस्य भी वहां मौजूद थे। इसी बीच, टीएमसी उम्मीदवार के गुंडे मफीदुल ने उसे (पोलिंग एजेंट को) बंदूक की बट, लाठी और रॉड से बुरी तरह पीटा।
उन्होंने बताया कि बूथ एजेंट के सिर पर चोट लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। सैकत सरकार ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी का उम्मीदवार जनता को डराने की कोशिश कर रहा है। मफीदुल जैसे कई लोग इस काम में लगे हुए हैं।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा, “चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन से अनुरोध है कि ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए और चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जाए।”
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना पड़ेगा कि मतदाता बाहर निकलकर वोट कर पाएं। सुबह एक घटना हो चुकी है। मतदान के बीच अब पूरे दिन कोई घटना नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में जिन 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है, उसमें चपरा भी शामिल है। तृणमूल कांग्रेस ने जेबर शेख को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने आसिफ खान को टिकट दिया है। इस विधानसभा सीट पर कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सभी 142 सीटों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। 4 मई को राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



