पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश और बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने देश में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि देश की प्रगति को रोकने और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम करने वाली अराजक मानसिकता के लोगों का लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिरोध करने की जरूरत है।
पटना पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशवासियों ने बड़े आनंद के साथ दीपावली मनाई है। बिहार में अब लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया जाएगा। उन्होंने कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी देशवासियों और बिहारवासियों पर बना रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार लगातार आगे बढ़ रहे हैं। देश में शांति, सौहार्द और भाईचारा बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री ने भी हमेशा इन मूल्यों को महत्व दिया है।
उन्होंने बस्तर में प्रधानमंत्री मोदी के सुरक्षा बलों के जवानों के साथ समय बिताने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर साल उन स्थानों पर जाकर जवानों से मिलते हैं, जहां देश की सुरक्षा में लगे पैरामिलिट्री फोर्स के जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रधान ने कहा कि देश ने रविवार को प्रधानमंत्री का यह दृश्य देखा, जब उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ समय बिताकर उनका हौसला बढ़ाया। ये जवान देश की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अराजकता और अस्थिरता फैलाने वाली मानसिकता पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसी ताकतों के खिलाफ एकजुट होना पड़ेगा। भारत विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की प्रगति को रोकने की मानसिकता रखने वाले, लोकतांत्रिक शक्तियों और मूल्यों के खिलाफ काम करने वाले तथा अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले लोगों का लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिरोध जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस संबंध में जो बात कही है, वह सही है। लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की विकास यात्रा को मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिकों को जागरूक और एकजुट रहना होगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर को बिहार के वैशाली आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
–आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



