भोपाल, 4 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एनएसजी की एक मॉकड्रिल के दौरान कमांडो की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक के चलते हुई।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय रावेंद्र भदौरिया उर्फ सोनू भदौरिया मॉकड्रिल में हिस्सा ले रहे थे, तभी उनकी अचानक हालत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। रावेंद्र भदौरिया रायसेन जिले के उदयपुरा के निवासी थे और 2011 बैच के एसएएफ के कांस्टेबल रह चुके थे। उन्होंने 2013 से एसटीएफ में सेवा शुरू की और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ निभाया।
भदौरिया कमांडो प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके थे और वर्तमान में भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन में रह रहे थे। उनके निधन से पुलिस विभाग और उनके सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, एसटीएफ और एनएसजी अधिकारियों ने संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि रावेंद्र भदौरिया एक अनुशासित और समर्पित अधिकारी थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। घटना की प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि हार्ट अटैक उनकी अचानक तबीयत खराब होने के कारण हुआ।
एनएसजी की मॉकड्रिल और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता को इस घटना ने उजागर किया है। पुलिस विभाग ने उनके परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है और मृतक के सम्मान में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
–आईएएनएस
वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



