पटना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ी हुई हैं। राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना लौटने के बाद से ही उनसे नेताओं के मिलने का सिलसिला जारी है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रविवार को मुख्यमंत्री से मिलने सीएम आवास पहुंचे।
इस बीच, बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नई सरकार के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने के संकेत देते हुए कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा करनी है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री बनने को लेकर गेंद भाजपा के पाले में डाल दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा भाजपा को करनी है और उसके बाद एनडीए विधायकों की बैठक होगी, जिसमें एनडीए का विधायक दल अपना नेता चुनेगा।
बिहार का मुख्यमंत्री तो वही बनेगा, जिसे एनडीए का विधायक दल अपना नेता चुनेगा। इसमें भारतीय जनता पार्टी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह तो भारतीय जनता पार्टी को तय करना है। इस मामले में भाजपा की अपनी प्रक्रिया होती है।
इधर, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मुख्यमंत्री की मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि वे पहले भी लगातार आते रहते हैं, यह कोई नई बात नहीं है। बिहार के मंत्री ने नई सरकार के गठन को लेकर साफ तौर पर कहा कि अब जल्द ही गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
स्वाभाविक है इसमें एनडीए के सभी घटक दलों में आपस में बातचीत होगी। उन्होंने इस क्रम में यह भी साफ कर दिया कि अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। विजय चौधरी ने नए मुख्यमंत्री को लेकर साफ कहा कि चंद दिन और हैं, इंतजार कर लीजिए, सब कुछ पता चल जाएगा। कहा जा रहा है कि इस बार मुख्यमंत्री भाजपा कोटे का और उप मुख्यमंत्री जदयू का होगा। मुख्यमंत्री को लेकर कई नेताओं के नाम की चर्चा है।
–आईएएनएस
एमएनपी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App

