प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत नौसेना की दक्षिणी कमान के 2 दिन के दौरे पर हैं और इस दौरान वह कोचीन शिपयार्ड में बनाए जा रहे स्वदेशी विमानवाहक पोत से संबंधित कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह जानकारी रविवार को यहां एक रक्षा प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष का पद संभालने के बाद दक्षिणी बंदरगाह शहर की यह उनकी पहली यात्रा है।
जनरल रावत शनिवार शाम को यहां पहुंचे थे और सोमवार शाम लौटने से पहले वह विभिन्न पेशेवर प्रशिक्षण स्कूलों तथा नौसैन्य स्टेशन स्थित क्षति नियंत्रण प्रशिक्षण प्रतिष्ठान का दौरा करेंगे। रक्षा प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘उनका (रावत) दक्षिणी नौसैन्य कमान में प्रशिक्षण अवसंरचना की समीक्षा करने का कार्यक्रम है, जो नौसेना की प्रशिक्षण कमान है।
जनरल का कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड, कोच्चि में निर्माणाधाीन स्वदेशी विमानवाहक पोत को देखने और इसकी प्रगति की समीक्षा का कार्यक्रम है।’’ इसमें कहा गया कि रावत को कमान द्वारा शुरू की गईं पर्यावरण संबंधी विभिन्न पहलों के बारे में भी अवगत कराया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



