बेंगलुरु : कर्नाटक में एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली जदएस-कांग्रेस सरकार के मंगलवार को राज्य विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने में विफल रहने के तुरंत बाद कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि वह पार्टी के केंद्रीय नेताओं से सलाह लेने के बाद ही राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह (हार) लोकतंत्र की जीत है। कुमारस्वामी सरकार से लोग तंग आ चुके थे।’’
येदियुरप्पा ने एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और (पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी से चर्चा करूंगा, उसके बाद राज्यपाल से मिलूंगा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी के 105 विधायकों को भी धन्यवाद दिया जो उनके साथ डटे रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अब विकास के एक नये युग की शुरुआत होगी।’’
कर्नाटक के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके येदियुरप्पा ने कहा कि उनका ध्यान सूखे और अन्य समस्याओं से ग्रस्त किसानों पर रहेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे किसान सूखे और अन्य कारणों से पीड़ित हैं। हम कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त करते हैं कि हम आने वाले दिनों में किसानों को अधिक महत्व देंगे ताकि वे खुशहाल जीवन जी सकें।’
’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के सत्ता संभालने के बाद वह जल्द से जल्द एक उचित निर्णय लेंगे।
कर्नाटक में कांग्रेस-जदएस सरकार विश्वासमत हासिल करने में विफल रही है और उसे 99 वोट मिले जबकि उसके खिलाफ में 105 पड़े। इससे राज्य में लगभग तीन सप्ताह से अधिक समय से जारी राजनीतिक नाटक का अंत हो गया।
राजनीति में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बीएस येदियुरप्पा
कर्नाटक की राजनीति में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बीएस येदियुरप्पा 3 बार सूबे के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
तालुक अध्यक्ष से अपना सियासी सफर शुरू करते हुए येदियुरप्पा ने राज्य की सबसे बड़ी सियासी कुर्सी तक पहुंचे। वह 7 बार विधायक रहे और एक बार लोकसभा सांसद भी चुने गए।
इसके अलावा वह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। बीजेपी के सबसे विवादित नेता होने के बावजूद कर्नाटक में वह पार्टी का सबसे भरोसेमंद चेहरा हैं।


Download Android App
Download iOS App



