भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में रविवार की रात केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक चल रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, शाहनवाज हुसैन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष प्रमुख रूप से मौजूद हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों का नाम फाइनल करने के लिए यह बैठक रविवार शाम साढ़े सात बजे से शुरू हुई है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में उन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे, जिन पर जदयू ने अपना दावा छोड़ दिया है। अन्य सीटों पर भी प्राथमिकता के अनुरूप उम्मीदवारों के नाम तय होंगे।
बैठक के बाद देर रात या फिर सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी उम्मीदवारों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हैं।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा और जदयू के बीच सीटों का बंटवारा लगभग फाइनल हो चुका है। 119 से 120 सीटों पर भाजपा के चुनाव लड़ने की संभावना है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने इस बीच बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए से अलग होने का ऐलान कर दिया है। लोजपा के अलग चुनाव लड़ने के फैसले के कारण अब भाजपा और जदयू के बीच बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने की बात चल रही है।


Download Android App
Download iOS App



