नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आज उपराज्यपाल के कार्यालय में पिछले नौ दिन से जारी अपना धरना खत्म करने के साथ विपक्ष ने उन्हें निशाने पर लेते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के सामने उनकी ‘‘ नौटंकी ’’ का पर्दाफाश हो गया। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि इस बार केजरीवाल का ‘‘ पर्दाफाश ’’ होने के बावजूद किसी को भी यकीन नहीं है कि वह दोबारा धरने पर नहीं बैठेंगे। उन्होंने एक बयान में कहा , ‘‘ केजरीवाल की नौ दिन की नौटंकी खत्म होने पर लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि वह धरने पर क्यों बैठे और उन्हें क्या हासिल हुआ। ’’
कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि केजरीवाल और भाजपा दोनों दिल्ली में ‘‘ धरने की राजनीति ’’ कर रहे हैं और मीडिया द्वारा दी जा रही तवज्जो कम होने के साथ पैंतरा बदल लिया। माकन ने ट्विटर पर लिखा , ‘‘ अब जब पूरा देश कश्मीर के घटनाक्रम पर चर्चा कर रहा है , केजरीवाल और दिल्ली के भाजपा नेताओं को लगा कि धरने पर बैठने से मीडिया में पर्याप्त कवरेज नहीं मिलेगी। इसलिए दोनों ने अपने धरने खत्म करने का फैसला किया। ’’ उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता के त्रस्त होने के साथ आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ही अपनी ‘‘ नाकामियों ’’ से ‘‘ ध्यान हटाने ’’ की कोशिश कर रहे हैं।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



