बसपा सुप्रीमो मायावती ने कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की हार पर आज कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है ।
मायावती ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों के बाद अब कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की करारी हार हो गयी है। देश में जहां भी उपचुनाव हुए, भाजपा से दुखी और पीड़ित जनता ने उसे सही रास्ता दिखा दिया है ।’
उन्होंने कहा, ‘अब जनता भाजपा के झूठे वादे और सांप्रदायिक भड़कावे में आने वाली नहीं हैं। भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गयी है ।’ भाजपा ने उपचुनावों में शासन-प्रशासन की ताकत का दुरूपयोग किया है लेकिन फिर भी उनको मुंह की खानी पड़ रही है ।
मायावती ने दावा किया कि भाजपा के लोग उपचुनावों में मिली हार की खबरों को दबाने के लिए इस तरह की खबरें दिखा रहे हैं कि मायावती ने 13-ए, माल एवेन्यू बंगला खाली नहीं किया है ।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिन से मीडिया में बराबर ये खबर दिखायी और प्रकाशित की जा रही है कि मायावती 13-ए, माल एवेन्यू बंगला खाली नहीं कर रही हैं जबकि सच्चाई यह है कि राज्य संपत्ति विभाग का नोटिस मिलने के बाद 15 दिन का समय दिया गया था, जो अभी खत्म नहीं हुआ है ।
बसपा सुप्रीमो ने आज ही 13-ए, माल एवेन्यू बंगले के उस हिस्से को खाली कर दिया, जिसमें वह अब तक रहा करती थीं । मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस तरह की खबरों को चलवाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है ताकि लोगों का ध्यान उनकी हार से हट जाए ।
मायावती ने कैराना और नूरपुर के मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि कैराना और नूरपुर की जनता ने भाजपा के हथकंडों के बावजूद उसे जबर्दस्त शिकस्त दी है ।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



