बहुचर्चित शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी एवं आईएनएक्स मीडिया की सह – संस्थापक इंद्राणी मुखर्जी को ‘‘सीने में दर्द की शिकायत’’ के बाद यहां बीती रात जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंद्राणी भायखला महिला कारागार में कैद हैं।
जे जे अस्पताल के डीन एसडी नंदकर ने बताया कि 46 वर्षीय इंद्राणी मुखर्जी को रात साढ़े ग्यारह बजे सरकारी अस्पताल लाया गया। उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस होने की शिकायत थी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल की सघन चिकित्सा इकाई (सीसीयू) में भर्ती कराए जाने के बाद इंद्राणी मुखर्जी की कई मेडिकल जांच की गई है। उनकी ईसीजी और सीने की एक्सरे और गर्दन की एमआरआई कराई गई है। हालांकि, हृदय से जुड़ी कुछ जांच अभी बाकी है।
उन्होंने कहा कि इंद्राणी मुखर्जी को दो-तीन दिनों में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी, तब तक वह सीसीयू में रहेंगी।
गौरतलब है कि पिछले दो महीने में यह दूसरी बार है, जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंद्राणी मुखर्जी अपनी बेटी शीना बोरा (24) की हत्या के मामले में मुकदमे का सामना कर रही है।
अप्रैल 2012 में हुई हत्या का यह मामला अगस्त 2015 में प्रकाश में आया था। इसके बाद इंद्राणी , उनके पूर्व पति संजीव खन्ना और चालक श्यामवर राय को गिरफ्तार किया गया था।
बाद में इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया, जो मीडिया जगत में उच्च पद रह चुके हैं। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



