बंगाल बजट पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल का हमला, महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

Summary :

अग्निमित्रा पॉल का आरोप, बजट में महिला सुरक्षा की अनदेखी

पश्चिम बंगाल विधानसभा में वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बुधवार को 3.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। प्रदेश महासचिव एवं भाजपा की महिला विधायक अग्निमित्रा पॉल ने इसे लोगों को बेवकूफ बनाने वाला बजट बताया। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “ममता बनर्जी ने इस बार जो बजट पेश किया है, उसमें लोगों के लिए कुछ भी नहीं था। सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश की गई है। 15 साल सरकार चलाने के बाद ममता बनर्जी बोल रही हैं कि यह एक कर्ममुखी बजट है, जो दिख नहीं रहा है। बंगाल में महिला सुरक्षा के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है।

बंगाल सरकार के महाकुंभ की तुलना गंगा सागर से करने और उत्तर प्रदेश सरकार को घेरने पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री से कोई भूल हुई है। अगर उन्हें महाकुंभ के बारे में जानना है तो उन्हें अपनी मंत्री रचना बनर्जी से पूछना चाहिए, जो कुंभ गई थीं। जब वह वहां से आईं तो कुंभ के लिए क्या धारणा लेकर आई हैं? प्रयागराज और गंगासागर की कोई तुलना नहीं हो सकती है। उत्तर प्रदेश की सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों की सेवा और सुरक्षा का बराबर ध्यान रख रहे हैं। लोगों को वहां पर कोई खतरा नहीं है, लोगों के लिए बल्कि बंगाल में खतरा है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बंगाल विधानसभा में बतौर अतिथि भाषण देने पर भाजपा नेता ने कहा, “हमारे सम्मानीय उपराष्ट्रपति को बंगाल से प्यार है। इसलिए वह बार-बार बंगाल के लोगों को सुरक्षा देने की बात करते हैं। बंगाल के लोगों के साथ जो अन्याय हुआ, उसका प्रतिवाद किया था। अगर उपराष्ट्रपति बंगाल की विधानसभा में आकर भाषण देना चाहते हैं तो यह हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.