भाजपा नेताओं ने प्रतिष्ठित अधिवक्ता राम जेठमलानी को ‘दिग्गज अधिवक्ता’ और बेहतरीन इंसान करार देते हुए उनके निधन पर शोक जताया और इसे समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह न केवल प्रतिष्ठित वकील थे बल्कि एक महान इनसान भी थे जो जीवंतता से भरपूर थे। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें दिग्गज अधिवक्ता बताया।
नड्डा ने कहा, “प्रतिष्ठित वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी के निधन की खबर से दुख हुआ। वह दिग्गज अधिवक्ता और वकीलों के प्रेरणास्रोत थे। उनके लंबे अनुभव और ज्ञान की कमी खलेगी। उनका निधन समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है।”

सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जेठमलानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें फौजदारी मामलों का उत्कृष्ट वकील और बेबाक राजनीतिज्ञ बताया। भाजपा सहयोगी और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने पूर्व कानून मंत्री के निधन पर शोक जताते हुए उनकी संविधान और कानून पर पकड़ की प्रशंसा की।
बता दें कि वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी का रविवार को 95 साल की उम्र में निधन हो गया। वह भाजपा के टिकट पर संसद के दोनों सदनों के लिए कई बार निर्वाचित हुए, लेकिन बेबाक राय और स्वतंत्र कार्यशैली की वजह से पार्टी से उनके संबंध उथल-पुथल भरे रहे।


Download Android App
Download iOS App



