नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा (भायुमो) के तत्वावधान में शनिवार को युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जेएनयू में देशद्रोह के नारे लगाने वाले कन्हैया कुमार व टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति न देने पर केजरीवाल सरकार के खिलाफ आईपी कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री आवास तक प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केजरीवाल सरकार द्वारा टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करने एवं देश विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति की मांग करना था।
सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का गृह मंत्रालय कहता है कि कन्हैया कुमार पर देश विरोधी नारे लगाने का कोई सबूत नहीं मिला है, जबकि दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में सबूत व तथ्यों के आधार पर कोर्ट में अपनी बात रखी है जिस पर अदालत ने दिल्ली सरकार की तरफ से मुकदमा चलाने की अनुमति लेने को कहा था, लेकिन केजरीवाल ने तीन साल तक मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं दी।
केजरीवाल इस संबंध में न तो कोई चर्चा करना चाहते हैं और न ही कोई जवाब देना चाहते हैं, जो यह स्पष्ट करता है कि वे देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े हैं और इसके लिए दिल्ली की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल देश विरोधी नारे लगाने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग को बचाने के लिए उनका समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम ऐसी देश विरोधी मानसिकता की भर्त्सना करते हैं। दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि केजरीवाल अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि वो देश के साथ खड़े हैं या फिर देश विरोधी नारे लगाने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े हैं। केजरीवाल पुलिस और न्यायालय के कार्यों में बाधा पहुंचाकर संवैधानिक मान्यताओं को ध्वस्त कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



