विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी के दौरान विवादित टिप्पणी कर सुर्खियों में आए गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने महिला दिवस पर टिप्पणी की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अत्याचार रोकने हैं तो लड़कियों को बॉयफ्रेंड बनाने बंद कर देने चाहिए।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के विषय में कहा, ”हमारे देश में महिलाओं की पूजा चार बार होती है। हम कैसे मान लें कि अत्याचार हो रहा है? आंकड़े कुछ भी बताते हैं। उस क्रम में हमने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहना चाहिए। ना गर्लफ्रेंड बनाना चाहिए ना ब्वॉयफ्रेंड।” इसके अलावा शाक्य ने लड़कियों को नसीहत देते हुए कहा कि स्मार्टफोन का दुरुपयोग न करते हुए इसका सदुपयोग करें।
बता दें कि गुना में कार्यक्रम के दौरान शासकीय पीजी कॉलेज में छात्रों को स्मार्टफोन वितरित किए जाने थे। लगभग 2 हजार छात्रों को योजना का लाभ दिया जाना था। जिस समय विधायक ने यह बयान दिया उस वक्त सभागार में कई छात्र- छात्राएं मौजूद थे।
आपको बता दें कि इससे पहले पन्नालाल शाक्य ने पिछले साल दिसंबर में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी पर टिप्पणी की थी। उन्होंने विराट कोहली और अनुष्का के इटली में शादी करने पर उनकी देशभक्ति पर सवाल खड़े कर दिए थे। उन्होंने कहा था कि दोनों को भारत में ही किसी जगह को शादी करने के लिए चुनना चाहिए था।