BJP विधायक ने बीच सड़क पर महिला पर बरसाए लात-घूंसे, बाद में दी सफाई

Summary :

सड़क पर महिला को गिराकर पहले विधायक के आदमी ने थप्पड़ मारे, फिर खुद विधायक ने लात मारी। महिला चीखती-चिल्लाती रही।

गुजरात के अहमदाबाद में बीजेपी के विधायक बलराम थावाणी और उसके समर्थकों द्वारा एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दरअसल, घटना अहमदाबाद के नरोडा इलाके की है। जहां एक महिला पानी को लेकर बलराम थावाणी से शिकायत कर रही थी। शिकायत सुनकर बीजेपी विधायक अपने गुस्से पर नियंत्रण नहीं रख पाए और महिला के साथ मारपीट करने लगे। 
इस पूरी घटना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दरअसल, मामला पानी की पाइपलाइन को लेकर था, जिसकी शिकायत लेकर महिला विधायक के पास गई थी। लेकिन जनता के प्रतिनिधि उनकी शिकायतों का कैसे निपटारा करते हैं। ये अहमदाबाद को लोगों ने साक्षात देख लिया। सड़क पर महिला को गिराकर पहले विधायक के आदमी ने थप्पड़ मारे, फिर खुद विधायक ने लात मारी। महिला चीखती-चिल्लाती रही।
इस पूरी घटना को लेकर पीड़िता ने कहा, मैं एक स्थानीय मुद्दे को लेकर बीजेपी विधायक बलराम थवानी से मिलने गई थी, लेकिन मेरी बात सुनने से पहले ही उन्होंने मुझे थप्पड़ मार दिया, जब मैं नीचे गिरी तो उन्होंने मुझे लात मारना शुरू कर दिया। उसके लोगों ने मेरे पति के साथ मारपीट भी की। मैं मोदी जी से पूछती हूं कि बीजेपी के शासन में महिलाएं कैसे सुरक्षित हैं?
हालांकि बलराम थावाणी ने इस पूरी घटना को भावनाओं में बह कर हुई गलती बताया है। उन्होंने कहा,  मैं भावनाओं से बह गया, मैं गलती स्वीकार करता हूं, यह जानबूझकर नहीं किया गया था। मैं पिछले 22 सालों से राजनीति में हूं, ऐसी बात पहले कभी नहीं हुई। मैं उससे सॉरी कहूंगा।

इस घटना को लेकर जिग्नेश मेवाणी ने डीजीपी गुजरात और अहमदाबाद पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया, ”अहमदाबाद के नरोडा इलाके में पानी की किल्लत की शिकायत करने गई एक महिला को गुजरात बीजेपी के ‘माननीय’ विधायक बलराम थावानी ने खुलेआम बेरहमी के साथ पिटा ! तुरंत गिरफ्तारी कीजिए! यह हरगिज नहीं चलेगा!”

Desk Team