प्रसिद्ध सूफी गायक और भाजपा सांसद हंसराज हंस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के कारण वित्तीय संकट से गुजर रहे लोक कलाकारों और शिल्पकारों की मदद करने का आग्रह किया।
इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में हंस ने कहा कि कोविड-19 ने न केवल स्वास्थ्य संकट पैदा किया है, बल्कि लोगों के समक्ष गंभीर आर्थिक समस्याओं को भी उत्पन्न किया है। हंस ने पत्र में कहा है, ‘‘लॉकडाउन ने हस्त शिल्पकारों, कलाकारों और लोक गायकों को सबसे अधिक प्रभावित किया है।
इन लोगों की आजीविका गहरे संकट में है क्योंकि कोरोना महामारी के कारण उनकी आय के सभी साधन प्रभावित हुए हैं।’’ हंस ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत 2020-21 के बजट में, संस्कृति मंत्रालय को 3,150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पिछले साल के आवंटन से 108 करोड़ रुपये अधिक है।
पत्र में उन्होंने कहा, ‘‘अगर संस्कृति मंत्रालय इस राशि को जमीनी स्तर के कलाकारों और शिल्पकारों को आवंटित करे, तो यह इस महामारी की स्थिति के दौरान उन्हें और उनके परिवारों को बचाने में मदद कर सकता है।’’ उत्तर-पश्चिम दिल्ली से लोकसभा सांसद ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई किसी भी वित्तीय सहायता को सीधे कलाकारों और शिल्पकारों के व्यक्तिगत खातों में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



