बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को दावा किया कि अगले महीने जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भाजपा की हार तय है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी ने दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले यहां हवाई अड्डे पर पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की। वह वहां से मंगलवार को आधिकारिक दौरे पर जापान के लिए रवाना होंगे।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनावी परिदृश्य से जुड़े सवाल पर तेजस्वी ने कहा, ‘‘भाजपा की हार तय है। इसको लेकर कोई संदेह नहीं हो सकता।’’ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल में कई भाजपा नेताओं के साथ उनकी ‘‘व्यक्तिगत मित्रता’’ की बात कही थी, इसके बाद शुरू हुई अटकलों से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह विषय चर्चा के लायक नहीं है। ऐसी अटकलों में कोई गंभीरता नहीं है।’’
”भाजपा को सभी अच्छी चीजों पर आपत्ति”
राजद नेता ने दावा किया, ‘‘वास्तव में, भाजपा को सभी अच्छी चीजों पर आपत्ति है। भाजपा को इस बात पर आपत्ति है कि हमारी सरकार रोजगार सृजन का अपना वादा पूरा कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसे (भाजपा) इस बात से भी परेशानी है कि एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक अपराध दर के मामले में राज्य निचले पायदान पर है।’’ अपने जापान दौरे के बारे में उन्होंने कहा, “बुद्ध से जुड़े होने के कारण वहां (जापान) के लोगों में बिहार के प्रति गहरी भावनाएं हैं। मैं व्यापार और पर्यटन क्षेत्रों के नेताओं से मिलने और सहयोग की संभावना तलाशने की उम्मीद करता हूं, जिससे राज्य को लाभ होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



