सीएक्यूएम का ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’, फरीदाबाद और गुरुग्राम में 64 सड़कों का निरीक्षण, कई जगह मिला मानकों का उल्लंघन

Summary :

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने और सड़कों से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने फरीदाबाद और गुरुग्राम में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। यह अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत 22 जुलाई को चलाया गया। सीएक्यूएम ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य आयोग द्वारा जारी शहरी सड़कों की री-डेवलपमेंट और पक्कीकरण के मानक फ्रेमवर्क के अनुसार किए जा रहे कार्यों की स्थिति की जांच करना था। निरीक्षण के लिए आयोग की ओर से तैनात 9 फ्लाइंग स्क्वॉड ने फरीदाबाद नगर निगम और गुरुग्राम नगर निगम के…

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने और सड़कों से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने फरीदाबाद और गुरुग्राम में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। यह अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत 22 जुलाई को चलाया गया।

सीएक्यूएम ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य आयोग द्वारा जारी शहरी सड़कों की री-डेवलपमेंट और पक्कीकरण के मानक फ्रेमवर्क के अनुसार किए जा रहे कार्यों की स्थिति की जांच करना था।

निरीक्षण के लिए आयोग की ओर से तैनात 9 फ्लाइंग स्क्वॉड ने फरीदाबाद नगर निगम और गुरुग्राम नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों की जांच की।

अभियान के दौरान कुल 64 सड़क हिस्सों का निरीक्षण किया गया, जिनकी कुल लंबाई करीब 31 किलोमीटर थी। इनमें फरीदाबाद की 50 सड़कें और गुरुग्राम की 14 सड़कें शामिल थीं। निरीक्षण में 10 मीटर से कम और 10-15 मीटर चौड़ी सड़कों को भी शामिल किया गया।

सीएक्यूएम के अनुसार, निरीक्षण में 49 सड़क हिस्सों पर पूरी तरह से एंड-टू-एंड पक्कीकरण पाया गया। इनमें फरीदाबाद की 38 सड़कें और गुरुग्राम की 11 सड़कें शामिल हैं।

वहीं, 15 सड़क हिस्सों पर अभी तक पूरा पक्कीकरण नहीं हुआ था। इनमें फरीदाबाद की 12 सड़कें और गुरुग्राम की 3 सड़कें शामिल हैं। आयोग ने कहा कि इन जगहों पर अभी काम पूरा किया जाना बाकी है।

सीएक्यूएम ने बताया कि फरीदाबाद और गुरुग्राम नगर निगमों ने दावा किया था कि सड़कों का विकास मानक फ्रेमवर्क के अनुसार किया गया है, लेकिन निरीक्षण के दौरान कुछ जगहों पर नियमों का पालन नहीं पाया गया। आयोग ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान करें और उनके खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।

सीएक्यूएम ने कहा कि शहरी सड़कों का सही तरीके से एंड-टू-एंड पक्कीकरण सड़क की धूल को दोबारा हवा में फैलने से रोकने के लिए बेहद जरूरी है। इससे वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल कम होगी और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग जैसे प्रदूषण नियंत्रण उपाय अधिक प्रभावी होंगे।

आयोग ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे बाकी बचे विकास कार्यों को जल्द पूरा करें और तय मानकों के अनुसार सड़कों का निर्माण सुनिश्चित करें। सीएक्यूएम ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में सड़क धूल से होने वाले प्रदूषण को लंबे समय तक नियंत्रित करने के लिए सभी एजेंसियों द्वारा मानक फ्रेमवर्क लागू करना जरूरी है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत पूरे एनसीआर में निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk