नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने पश्चिमी एशिया की स्थिति पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों की समिति (सीसीएस) की बैठक पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का ‘फायर फाइटिंग’ जैसा कदम है। अभी संसद सत्र चल रहा है और संकट पूरे देश का है। सीसीएस के बाद सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।
सुखदेव भगत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सीसीएस की बैठक रविवार को हुई, लेकिन यह तो ‘फायर फाइटिंग’ जैसा लग रहा है। क्या सरकार के पास कोई अंदेशा नहीं था? यह युद्ध इतने लंबे समय से चल रहा है। ये कदम काफी देर से उठाए गए हैं। यह अलग बात है कि नीति अच्छी है, लेकिन क्रियान्वयन का स्तर क्या होगा?”
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा, “अभी अलग-अलग राज्यों में चुनाव है। भाजपा किसी भी परिस्थिति में चुनाव को पहले तवज्जो देती है। मेरा मानना है कि सीसीएस की बैठक के बाद क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी बनती है।”
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि गैस और तेल को लेकर पश्चिमी एशिया पर निर्भरता है, लेकिन लैटिन अमेरिका, अफ्रीका और रूस हमारे लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं। अल्पकालीन और दीर्घकालीन नीतियों को लेकर समन्वय हो, इसको लेकर भी सरकार को काम करना चाहिए।
इसी बीच, कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने पश्चिम बंगाल में एआईएमआईएम और ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ के गठबंधन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जहां भी सेक्युलर फोर्सेज के वोटों का बिखराव हो, तो वो अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी के सपोर्ट में होता है। असदुद्दीन ओवैसी इसके लिए जाने भी जाते हैं, माने भी जाते हैं और उन पर आरोप भी लगते हैं। वह निश्चित रूप से ऐसी चीजें करते हैं ताकि वोटों का विभाजन हो। ओवैसी ये काम बहुत निष्ठा से करते हैं, इसलिए हम इन्हें भारतीय जनता पार्टी की ‘बी-टीम’ कहते हैं।”
असम में कई कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर सुखदेव भगत ने कहा, “असम में भारतीय जनता पार्टी अब ‘कांग्रेस युक्त भाजपा’ बन चुकी है। असम में भाजपा को नेताओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, इसीलिए वे कांग्रेस नेताओं को लाकर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, मैं यह कह सकता हूं कि गौरव गोगोई के नेतृत्व में असम में हमारी सरकार बनने जा रही है।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



