बजट 2021 पर विपक्ष का बड़ा हमला, पक्ष ने बताया ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मंशा के अनुरूप

Summary :

कोरोना काल में पेश किए गए केंद्र सरकार के इस बजट पर विपक्षी पार्टियों की प्रतिक्रिया सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस ने सरकार के इस बजट को ‘विजनलेस’ बताया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में वर्ष 2021-22 के लिए प्राप्तियों और खर्च का लेखाजोखा तथा वित्त विधेयक 2021 पेश किया। कोरोना काल में पेश किए गए केंद्र सरकार के इस बजट पर विपक्षी पार्टियों की प्रतिक्रिया सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस ने सरकार के इस बजट को ‘विजनलेस बजट’ बताया है।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बजट पर प्रतिकिया देते हुए कहा, बीजेपी सरकार मुझे उस गैरेज मैकेनिक की याद दिलाता है जिसने अपने ग्राहक को कहा कि मैं आपका ब्रेक ठीक नहीं कर सका, इसलिए मैं अपने हॉर्न की आवाज बढ़ा दी है। वहीं पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘वित्त मंत्री के भाषण में इसका कोई जिक्र ही नहीं हुआ कि जीडीपी में 37 महीनों की रिकॉर्ड गिरावट है। 1991 के बाद से यह सबसे बड़ा संकट है।’’ 

आम करदाताओं को कोई राहत नहीं, 75 साल से अधिक आयु के नागरिकों नहीं भरना होगा टैक्स

उन्होंने दावा किया कि देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचने के अलावा बजट में कोई मुख्य ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य बात यह है कि अर्थव्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाओ, सिर्फ देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचो। तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि भारत का पहला कागज रहित बजट शत-प्रतिशत दूरदृष्टि रहित (विजनलेस) भी है, इस ‘फर्जी बजट’ का विषय ‘भारत को बेचना’ है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, इस बजट ने उन सभी प्रदर्शनकारी किसानों को क्या दिया? बीजेपी हमेशा कहती थी कि वो आय दोगुनी करेगी, क्या इस बजट से किसानों की आय दोगुनी हो रही? हमारे युवा जो पढ़ाई करना चाहते हैं उनके लिए काम, रोज़गार के लिए इस बजट में क्या व्यवस्था की गई है, क्या इनको रोज़गार मिलेगा।
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बजट को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि इसमें लोगों की आशा के अनुरुप कुछ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट, सड़क, बिजली ट्रांसमिशन लाईन और वेयरहाउस बेचने का फैसला किया हैं जिसे अच्छा नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जो लोग अपनी आत्मा बेच चुके हैं वो सरकारी संपत्ति बेचने से भला क्यों चूकेंगे। 

आम बजट – महंगे होंगे मोबाइल फोन और चार्जर, देश में बनाये जायेंगे बड़े टेक्सटाइल पार्क

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बजट में वेतनभोगी वर्ग के लिए कोई कर राहत नहीं है। महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया गया है। उन बच्चों के लिए कुछ नहीं किया गया है जो डिजिटल डिवाइड की वजह से अपनी पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कई सेक्टरों का निजीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में वैसे राज्यों को तोहफा दिया गया है जहां हाल में चुनाव होने वाले हैं।
बजट पर पक्ष की प्रतिक्रिया 
बजट को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मंशा के अनुरूप बताया है। उन्होंने कहा कि आम बजट लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मंशा के अनुरूप है। बजट में किसान, मध्य वर्ग, गरीब, महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने एवं देश के हर नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य करेगा। 
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने बजट की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने नासिक और नागपुर के मेट्रो प्रोजजेक्ट को स्वीकार किया है। फडणवीस ने कहा कि अब नासिक मेट्रो के मॉडल को पूरे देश में लागू किया जाएगा, फडणवीस ने कहा कि भारत सरकार ने नासिक मेट्रो के  लिए 2092 करोड़ रुपये का ऐलान किया है। नागपुर मेट्रो के फेज 2 के लिए 5976 करोड़ रुपये का ऐलान किया गया है। उन्होंने कहा कि ये दोनों प्रोजेक्ट को बीजेपी सरकार के दौरान केंद्र को भेजा गया था। 

आम बजट : देश में खोले जायेंगे 100 नए सैनिक स्कूल, लेह में केंद्रीय विद्यालय, उच्च शिक्षा के लिए कमीशन

राजस्थान बीजेपी प्रमुख सतीश पूनियां ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में केंद्रीय बजट को जनकल्याणकारी बजट बताते हुए कहा कि इसमें 1.5 लाख नौकरियां देने, उज्ज्वला योजना में एक करोड़ नए कनेक्शन देंने, सौ नए शहरों में पाइप लाइन से रसोई गैस पहुंचाने की घोषणा की गई हैं। इसी तरह वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत लाभार्थी देश में कहीं से भी अपना राशन ले सकते हैं। यह योजना 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रही है। 

Desk Team