पूरे देश में सस्ती और अच्छी दवाओं के लिए जगह-जगह प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि स्टोर पर जेनेरिक दवाएं बाजारों में संचालित मेडिकल स्टोर से 70 प्रतिशत से कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। खास बात यह है कि जन औषधि केंद्र पर सभी प्रकार की जांच भी कम दामों में मरीजों को मिल रही हैं। जन औषधि केंद्र पर मरीजों को काफी फायदा हो रहा है। देश की राजधानी दिल्ली में भी जगह-जगह प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र लोगों के लिए लाभदायक बन गए हैं। खासतौर पर मध्यम वर्गीय परिवार, जिन्हें हर रोज महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ती थी। आज वे जन औषधि केंद्र पर जाकर सस्ती दवाइयां खरीद रहे हैं। जितना महंगी दवाएं असर करती हैं, उतना भी ये दवाएं भी लोगों को पहुंचा रही हैं।
- देश में सस्ती और अच्छी दवाओं के लिए जगह-जगह PM जन औषधि स्टोर खोले गए
- प्रधानमंत्री जन औषधि स्टोर पर 70% से कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं
- जन औषधि केंद्र पर मरीजों को काफी फायदा हो रहा है
दुकानों पर भारी भीड़
एक पीएम जन औषधि केंद्र साउथ दिल्ली के देवली रोड पर स्थित है। यह केंद्र तीन सालों से यहां पर बना हुआ है, दूर-दूर से लोग यहां पर सस्ती दवाएं खरीदने के लिए आते हैं, पूरे दिन दुकान पर भीड़ रहती है। यहां पर दवा खरीद रहे लोगों ने बताया कि बाजार से यहां पर दवाएं काफी सस्ती हैं। पहले हम लोग मेडिकल स्टोर्स पर महंगी दवाएं खरीदते थे, लेकिन जब से प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुले हैं, तब से हम दवाएं यहीं से खरीद रहे हैं। जो दवा मार्केट में 100 रुपए की मिलती है, वो यहां पर 20 से 25 रुपए में मिल जाती है। देवली रोड पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र चला रहे राजेश अग्रवाल ने बताया कि मैं तीन साल से इस केंद्र को चल रहा हूं। काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। कभी कभार लोगों को डाउट होता है कि यहां दवा इतनी सस्ती क्यों है? पहले लोग इसे खरीदने से कतरा रहे थे कि यह कारगर साबित होगी कि नहीं। जब लोग यहां से दवा खरीदने लगे और उन्हें फायदा होने लगा, तो यहां भी भीड़ लगने लगी। कभी कभी दवाओं की डिमांड इतनी बढ़ जाती है कि दवाएं कम पड़ जाती हैं। केंद्र सरकार की यह पॉलिसी अच्छी है। दुकानें भी अब जगह-जगह खुल रही हैं, लेकिन अगर और भी जन औषधि केंद्र खोले जाते हैं, तो लोगों को काफी फायदा होगा।
लोगों ने जताई खुशी
जन औषधि केंद्र पर दवा खरीदने आए सुमंत कुमार ने बताया कि वह कृष्णा पार्क में रहते हैं। उन्होंने बताया कि इन दवाओं से लोगों को बहुत लाभ हो रहा है। जैसी दूसरी दवाइयां काम करती हैं, उसी प्रकार से यहां की दवाएं भी लोगों को फायदा पहुंचा रही हैं। सबसे बड़ा फायदा यह है कि यहां की दवाएं मार्केट के रेट से बहुत सस्ती हैं। जब से जन औषधि केंद्र खुला है, तब से मैं यहां से दवा ले जा रहा हूं। जन औषधि केंद्र और जगहों पर खुलना चाहिए, ताकि लोगों को फायदा हो। वहीं अपनी पत्नी के लिए दवा खरीदने आए ज्ञानचंद ने बताया कि जन औषधि केंद्र पर दवाएं बहुत सस्ती हैं। मैं एसिडिटी की दवा लेकर जा रहा हूं। पहले ये मार्केट में ये दवाएं 38 से 40 रुपए की मिलती थीं, लेकिन मैं यहां से पूरे पत्ते को आठ रुपये में खरीद कर लेकर जा रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो जन औषधि केंद्र खोले हैं, उससे लोगों को बहुत लाभ मिल रहा है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



