रायपुर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार देश के गांवों, गरीबों और किसानों के हित में काम करने वाली सरकार है। अग्रवाल हरियाणा के रोहतक में आयोजित तीन दिवसीय एग्रीकल्चर लीडरशिप समिट में शामिल हुए, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टाल का अवलोकन किया और हरियाणा के किसानों से खेती किसानी के संबंध में चर्चा की।
अग्रवाल ने शनिवार को कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सरकार देश के किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में तेज गति से काम कर रही है। ऐसे में हम निश्चित रुप से कह सकते हैं किए देश के किसानों का भविष्य उज्जवल होगा और गांवों का देश भारत सशक्त और खुशहाल बनेगा। रोहतक के इस समिट का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया।
शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री पुरूषोत्तम रुपाला ने की। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनगढ़ भी उपस्थित थे। कृषि मंत्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीगसढ़ में हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए 600 से अधिक एनीकट बनवाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ अब सूक्ष्म सिंचाई की दिशा में भी बढ़ रहा है। वर्ष 2000 में प्रदेश की सिंचाई क्षमता 13 लाख 28 हजार हेक्टेयर थी जो बढ़कर अब 20 लाख 59 हजार हेक्टेयर हो गई है। उन्होंने कहा, ‘छत्तीसगढ़ में धान की खेती अधिक होती रही है पर अब प्रदेश सरकार किसानों को उद्यानिकी, दलहन और तिलहन फसलों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है जिसके अच्छे परिणाम भी आए हैं।
चावल उत्पादन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान बनाई है।’ मंत्री ने कहा, ‘हमारे प्रयासों को केंद्र सरकार ने सराहा है और चार बार कृषक कर्मण अवार्ड प्रदान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार खेती और किसानी के हित में बेहतर कार्य करके छत्तीसगढ़ को भारत का अग्रणी राज्यों में शामिल करने प्रयास कर रही है। बीते 14 वर्षों में धान उत्पादन में 47 प्रतिशत, दलहन उत्पादन में 43 प्रतिशत तथा तिलहन उत्पादन में 158 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



