छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: 10 जोनों में वोटों की गिनती शुरू

Summary :

छत्तीसगढ़ के रायपुर में 70 वार्ड की मतगणना, 114 टेबल लगे

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। 10 विभिन्न जोनों में काउंटिंग की जा रही है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को वोटिंग हुई थी।रायपुर के सेजबहार स्थित मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। मतगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा की उचित व्यवस्था की गई है। वोटों की गिनती के लिए 114 टेबल लगाए गए हैं।

इससे पहले शुक्रवार को रायपुर निगम कमिश्नर अविनाश मिश्रा ने बताया था कि रायपुर के नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत सभी की मतगणना शनिवार को ही होनी है। रायपुर नगर निगम को लेकर सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में मतगणना स्थल बनाया गया है, जहां सभी 70 वार्ड की मतगणना होगी। अलग-अलग जोन के हिसाब से इसे बांटा गया है। ऐसे में 10 जोन पर अलग-अलग गिनती होगी। उन्होंने आगे कहा था कि प्रत्येक जोन में 7 वार्ड की काउंटिंग होगी। इसमें 104 टेबल रहेंगे। इसके साथ ही 10 ईटीवीएस होंगे। इस प्रकार कुल 114 टेबल होंगे, जिसे लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। सभी 10 जोन के लिए अलग-अलग एंट्री रहेगी। काउंटिंग एजेंटों के लिए अलग एंट्री की व्यवस्था की गई है। हमारी कोशिश शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना संपन्न कराने की है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को वोट डाले गए थे। छत्तीसगढ़ में सभी नगरी निकाय क्षेत्रों में ओवरऑल 72 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इस बार महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा कम वोट किया है। रायपुर नगर निगम में 44.4 प्रतिशत, दुर्ग नगर निगम में 63.78 प्रतिशत, राजनांदगांव नगर निगम में 75.82 प्रतिशत, बिलासपुर में 55 प्रतिशत, अंबिकापुर में 63.10 प्रतिशत, चिरमिरी में 66.82 प्रतिशत, जगदलपुर में 57.52 प्रतिशत, रायगढ़ में 70.91 प्रतिशत, कोरबा में 51.66 प्रतिशत और धमतरी जिले में 77.69 प्रतिशत मतदान हुआ था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.