आरक्षण के विरोध में आज आहूत भारत बंद के दौरान बिहार में सड़क तथा रेल यातायात को बाधित किया गया और प्रदेश में 127 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया। अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एस के सिंघल ने बताया कि बंद के दौरान कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात को बाधित किए जाने के साथ पूरे प्रदेश में 127 बंद समर्थकों को हिरासत में लिये जाने की अब तक सूचना प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि भोजपुर जिला में सबसे अधिक 70, दरभंगा में 29, गया जिले में 24 और नवादा में 18 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया। गया जिले से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंद समर्थकों ने मानपुर बस स्टैंड के पास हंगामा किया। पुलिस ने उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया जिसके बाद उग भीड़ ने पथराव किया। पुलिस ने हवा में फायरिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया।
वैशाली जिले में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मानव संसाधन राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा को सुबह 10 बजे मुज़फ्फरपुर रोड पर बंद समर्थकों ने रोक लिया और लोमा गाँव में बंद समर्थकों ने उन पर आरक्षण समर्थकों को बढावा देने का आरोप लगाते हुए कथित रूप से दुर्व्यवहार किया। बाद में स्थानीय लोगों के पहल करने पर वह अपने घर लौट पाए।
बंद समर्थकों ने मुज़फ़्फ़रपुर-पटना, मुज़फ़्फ़रपुर-समस्तीपुर, छपरा—सीतामढ़ी जाने वाले राजमार्ग पर टायर जलाकर सडक को बाधित किया और मुजफ्फरपुर शहर में दुकानों को जबर्दस्ती बंद कराया। बेगूसराय जिले में बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 और 31 पर कई स्थानों पर टायर जलाकर और जुलूस निकाल कर बाधित किया।
बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी को तथा अन्य रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों को बंद समर्थकों ने रोककर रेल परिचालन ठप कर दिया। बंद समर्थकों ने प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी रेल यातायात को बाधित किया।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



