दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को सभी गैर-भाजपा दलों से अपील की कि राज्यसभा में वह एकजुट होकर कृषि से जुड़े तीन विधेयकों का विरोध करें। केजरीवाल इन विधेयकों को किसान विरोधी बताते हैं। हिंदी में किए ट्वीट में आप प्रमुख केजरीवाल ने लिखा, ‘‘केंद्र के तीनों विधेयक किसानों को बड़ी कंपनियों के हाथों शोषण के लिए छोड़ देंगे।’’
उन्होंने आगे लिखा, ‘‘मेरी सभी गैर भाजपा पार्टियों से विनती है कि राज्यसभा में एकजुट होकर इन विधेयकों का विरोध करें, सुनिश्चित करें कि आपके सभी सांसद मौजूद हों और वॉकआउट का ड्रामा ना करें। पूरे देश के किसान आपको देख रहे हैं।’’
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार संसद के मौजूदा मानसून सत्र में सोमवार को किसानों से संबंधित किसान उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विधेयक, मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा पर किसान (सशक्तीकरण और संरक्षण) समझौता विधेयक तथा आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक, 2020 लेकर आई है। आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक मंगलवार को लोकसभा में पारित हो गया।
ये विधेयक किसानों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य दिलाने, कृषि उपज के बाधा मुक्त व्यापार को सक्षम बनाने के साथ ही किसानों को अपनी पसंद के निवेशकों के साथ जुड़ने का मौका प्रदान करने से संबंधित हैं।


Download Android App
Download iOS App



