भारत-पाक के बीच तनाव में CM ममता बनर्जी ने बुलाई कैबिनेट बैठक

Summary :

ममता बनर्जी ने तनाव के बीच राज्य कैबिनेट की बैठक बुलाई

भारत-पाक तनाव के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की सुरक्षा पर चर्चा के लिए 14 मई को कैबिनेट बैठक बुलाई है। यह बैठक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित की जा रही है।

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 14 मई को राज्य कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार को शाम 4 बजे राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत ने गुरुवार को आधिकारिक नोटिस जारी किया। उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई सैन्य कार्रवाई के बाद सीमा पर तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे में यह बैठक राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी। इस बैठक में ममता बनर्जी के अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और सिक्किम के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। हालांकि, बैठक के बाद ममता बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में यह बताने से इनकार कर दिया कि गृह मंत्री के साथ क्या चर्चा हुई।

भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए सेना पूरी तरह तैयार: रक्षा मंत्रालय

कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी कैबिनेट बैठक में राज्य में सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दे सकती हैं। राज्य कैबिनेट की पिछली बैठक 23 अप्रैल को हुई थी, इसलिए इस बार की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। बता दें कि 7-8 मई की रात पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का प्रयास किया। इन हमलों का उद्देश्य भारत के शहरों को निशाना बनाना था, लेकिन भारतीय सशस्त्र बलों ने इन हमलों को नाकाम कर दिया।

इससे पहले 6-7 मई की रात भारत ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने पर कार्रवाई की थी, जिसके बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। हालांकि, भारतीय सेना सीमा पर डंटकर पाकिस्तान को करारा जवाब दे रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.