कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लॉकडाउन में किसानों अनदेखी का आरोप लगाया है। कांग्रेस का किसान प्रकोष्ठ 2 जून से देशभर में किसानों के लिए कर्ज माफी और सहायता की मांग करेगा। इस संबंध में वह जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा।
किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी ने एक बयान में कहा कि उनका संगठन जल्द ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को मेल भेजकर यह आग्रह करेगा कि वह कोरोना संकट में मुश्किलों का सामना कर रहे किसानों की समस्याओं का संज्ञान लें और सरकार को इनकी मदद के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दें।
सोलंकी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ महीनों से कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण किसानों की हालत बहुत खराब हो गई है। उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है। बेरोजगारी भी अपने चरम पर है।’’ उनके मुताबिक दो जून से चार जून के बीच किसान कांग्रेस के पदाधिकारी देश भर में जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर सामाजिक दूरी का खयाल रखते हुए सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे और अपना ज्ञापन सौंपेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में हमने कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को भी लिखा था। सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। कर्जमाफी और किसानों को वित्तीय सहायता की सख्त जरूरत है। सरकार को हमारी ये मांगे माननी चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



