राफेल के भारत पहुंचने पर कांग्रेस ने दी बधाई, सुरजेवाला ने पूछा-मेक इन इंडिया की बजाय मेक इन फ्रांस क्यों?

Summary :

कांग्रेस की सरकार ने 2012 में राफेल की क्षमता की पहचान कर उसकी खरीद का जो परिश्रम किया, वह अब रंग लाया है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की खरीद के अंतर से बीजेपी के घोटाले की पोल खुलती है।

फ्रांस से 5 राफेल लड़ाकू विमानों ने आज भारत में लैंड किया। राफेल के भारत पहुंचने पर कांग्रेस ने खुशी जाहिर करते हुए इसके लिए भारतीय वायुसेना को बधाई दी। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राफेल का भारत में स्वागत करते हुए केंद्र पर कई सवाल खड़े किए। 
सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए लिखा, राफेल का भारत में स्वागत! वायुसेना के जाँबाज लड़ाकुओं को बधाई। आज हर देशभक्त ये ज़रूर पूछे : 
– ₹526 करोड़ का एक रॉफेल अब ₹1670 करोड़ में क्यों?
-126 रॉफेल की बजाय 36 ही क्यों?
– मेक इन इंडिया की बजाय मेक इन फ़्रान्स क्यों?
– 5 साल की देरी क्यों?


कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा ‘‘भारतीय वायुसेना को ये विमान हासिल करने के लिए बधाई। कांग्रेस की सरकार ने 2012 में राफेल की क्षमता की पहचान कर उसकी खरीद का जो परिश्रम किया, वह अब रंग लाया है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की खरीद के अंतर से बीजेपी के घोटाले की पोल खुलती है।’’

पांच ताकतवर राफेल लड़ाकू विमानों ने बुधवार को दोपहर 3:00 बजे के करीब अंबाला एयरबेस पर लैंडिंग की। वाटर सैल्यूट के साथ विमानों का स्वागत किया गया। इस दौरान वायुसेना प्रमुख आर.के.एस भदौरिया मौजूद रहे। पांचों राफेल विमानों ने सोमवार को फ्रांस से उड़ान भरी थी।

Desk Team