राज्यसभा में बोले जावड़ेकर – कांग्रेस में मची भगदड़ के लिए कांग्रेस स्वयं जिम्मेदार

Summary :

जावड़ेकर ने संसद भवन परिसर में इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस में मची भगदड़ के लिए कांग्रेस स्वयं जिम्मेदार है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बीजेपी पर कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए गुरुवार को कहा ‘‘कांग्रेस अपने राजनीतिक दिवालियापन पर है। उनसे (कांग्रेस नेतृत्व) पार्टी संभल नहीं रही है और उनके विधायकों को वहां उनका भविष्य नजर नहीं आता इसलिए लोग पार्टी छोड़ रहे हैं और कांग्रेस हमें जिम्मेदार बता रही है।’’ 
राज्यसभा में बजट पर चर्चा शुरु होने पर कांग्रेस के सदस्यों ने बीजेपी पर कर्नाटक और गोवा में उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जावड़ेकर ने संसद भवन परिसर में इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस में मची भगदड़ के लिए कांग्रेस स्वयं जिम्मेदार है। 

बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कर रही कलंकित : मायावती

उन्होंने कहा, ‘‘इनकी पार्टी (कांग्रेस) का पिछले 40 दिन से कोई अध्यक्ष नहीं है, इसके लिए बीजेपी कैसे जिम्मेदार है। कांग्रेस नेतृत्व का अपने नेताओं से कोई संवाद नहीं है, इसलिए पार्टी बिखर रही है।’’ जावड़ेकर ने कहा कि बीजेपी को कोसने से कांग्रेस की स्थिति नहीं सुधरेगी, उन्हें आत्मावलोकन करने की जरूरत है। 
उन्होंने उच्च सदन की बैठक निरंतर बाधित करने के लिए कांग्रेस की भर्त्सना करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी नकारात्मक सोच बदलनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा संसद भवन परिसर में धरना देकर केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने के आरोप लगाने के जवाब में जावडेकर ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार या बीजेपी कुछ नहीं कर रही है, आपसे (सोनिया, राहुल) पार्टी संभल नहीं रही है, इसमें बीजेपी का क्या दोष है।’’ 

Desk Team