मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने मंगलवार को आईएएनएस से खास बातचीत में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में चुनाव आयोग की मदद से धांधली हुई है।
हुसैन दलवई ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भाजपा ने चुनाव में धांधली की। चुनाव आयोग उन्हें मदद कर रहा था। बंगाल में 93 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो बिल्कुल सही नहीं है। मुसलमानों के मत को काटने का प्रयास किया गया। किसी भी हालत में चुनाव जीतने के लिए उन्होंने कानून और आयोग की पूरी मशीनरी का इस्तेमाल किया। बंगाल में वोटों की चोरी हुई है। चुनाव आयोग ने वहां पूरी तरह से धांधली की है। यह सभी को जानकारी है।”
केरल चुनाव नतीजों पर दलवई ने कहा, “केरल के लोग थोड़े होशियार और पढ़े-लिखे हैं। कम्युनिस्टों ने कुछ काम नहीं किया। केरल और तमिलनाडु में धांधली नहीं चली।” असम के बारे में उन्होंने कहा कि वहां के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस में थे।
कांग्रेस की हार पर आत्मचिंतन की जरूरत पर दलवई ने सलमान खुर्शीद की टिप्पणी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी बड़े पैमाने पर मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नीचे की स्थिति बहुत खराब है। सलमान खुर्शीद ने जो आत्मचिंतन की बात कही है, वह बिल्कुल सही है।”
कांग्रेस के भविष्य पर दलवई ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, “कांग्रेस के खत्म होने की बात करना एक अफवाह है। कांग्रेस के वोटर्स बहुत अच्छे हैं। पार्टी के खत्म होने का कोई सवाल नहीं है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस फिर उभर आएगी। वाजपेयी जी के समय कांग्रेस सत्ता में नहीं थी, लेकिन सोनिया गांधी ने पार्टी को मजबूत किया था। अब कांग्रेस में संगठन को मजबूत करना चाहिए।”
ममता बनर्जी और बंगाल पर दलवई ने कहा, “ममता बनर्जी की कुछ गलतियां जरूर थीं। वहां पहले कांग्रेस और सीपीएम का बोल-बोला था। उन्हें सोच-समझकर गठबंधन करना चाहिए था। हम वहां कमजोर हो गए, जिसका फायदा उठाया गया। कांग्रेस को क्षेत्रीय पार्टियों के साथ मिलकर आगे काम करना बहुत जरूरी है।”
कांग्रेस नेता ने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सोचना चाहिए कि वे एक साथ कैसे आएं।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



