NEET और JEE परीक्षा के विरोध में कांग्रेस का केंद्र के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन

Summary :

परीक्षा के विरोध में कांग्रेस ने #SpeakUpForStudentSaftey अभियान भी चलाया। प्रदर्शन से पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों से लाखों परेशान छात्रों के साथ अपनी आवाज़ जोड़ने की अपील की।

कोरोना महामारी के दौर में NEET और JEE परीक्षा कराए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी आज केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। परीक्षा के विरोध में कांग्रेस ने #SpeakUpForStudentSaftey अभियान भी चलाया। प्रदर्शन से पहले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों से  लाखों परेशान छात्रों के साथ अपनी आवाज़ जोड़ने की अपील की।
राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा, लाखों परेशान छात्रों के साथ अपनी आवाज़ जोड़िए। #SpeakUpForStudentSafety आज 10 बजे से। आइए, सरकार से छात्रों की बात सुनने की मांग करें। परीक्षा के विरोध में कांग्रेस के युवा संगठन सड़क पर उतर आए हैं और एनएसयूआई 11:00 बजे से भूख हड़ताल पर बैठ गई है। वहीं यूथ कांग्रेस भी धरना प्रदर्शन कर रही है।


कांग्रेस ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान परीक्षा लेने का फैसला छात्र विरोधी है। परीक्षा के दौरान लाखों छात्रों पर कोरोना की चपेट में आने का खतरा बढ़ जाएगा, अनलॉक पीरियड के कारण परिवहन के साधन सीमित हैं, कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं। इस पर सरकार को विचार करना चाहिए।

बेंगलुरु में कोरोना वायरस महामारी में NEET और JEE की परीक्षा को स्थगित करने और 6 महीनों के लिए सेमेस्टर फीस को माफ करने की मांग को लेकर NSUI भूख हड़ताल कर रही है। केंद्र पर हमला करते हुए कांग्रेस ने कहा कि छात्र शक्ति पूछ रही है कि सूट-बूट वाले मित्रों के मन की बात सुनने वाले प्रधानमंत्री छात्र-छात्राओं की बात कब सुनेंगे? हमारे देश के भविष्य के दिल की बात सुनें और उनके हित को सर्वोपरि रखते हुए JEE और NEET की परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लें।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इन परीक्षाओं के आयोजन से 25 लाख छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरे में डाला जा रहा है।  रीक्षाओं को स्थगित कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के मकसद से 28 अगस्त को ही ‘स्पीक अप फॉर स्टूडेंट सेफ्टी’ हैशटैग से सोशल मीडिया में अभियान चलाया जा रहा है।

Desk Team