LAC मुद्दे पर मोदी का बयान भटकाने वाला, क्या PM ने चीन को दे दिया क्लीन चिट : कांग्रेस

Summary :

पूर्व गृह मंत्री ने यह सवाल भी किया, ‘‘ अगर चीनी सैनिकों ने कोई घुसपैठ नहीं की है तो फिर छह जून को कोर कमांडर स्तर की बैठक क्यों हुई थी? क्या यह बैठक मौसम के बारे में हुई थी? अगर किसी चीनी सैनिक ने एलएसी पार नहीं किया तो फिर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान में पूर्व यथास्थिति की बहाली की बात क्यों हुई?’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर शनिवार को सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने चीन को क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सीमा में कोई विदेशी (मतलब चीनी) नहीं है। अगर यह सही है तो पांच-छह मई को क्या हुआ? पिछले दिनों दोनों देशों के सैनिकों के बीच संघर्ष क्यों हुआ? भारत ने अपने 20 जवान क्यों खोए?’’

पूर्व गृह मंत्री ने यह सवाल भी किया, ‘‘ अगर चीनी सैनिकों ने कोई घुसपैठ नहीं की है तो फिर छह जून को कोर कमांडर स्तर की बैठक क्यों हुई थी? क्या यह बैठक मौसम के बारे में हुई थी? अगर किसी चीनी सैनिक ने एलएसी पार नहीं किया तो फिर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान में पूर्व यथास्थिति की बहाली की बात क्यों हुई?’’ उन्होंने यह भी पूछा, ‘‘ क्या प्रधानमंत्री ने चीन को क्लिन चिट दिया है? अगर ऐसा है तो फिर चीन से बातचीत क्यों? मेजर जनरल बातचीत क्यों कर रहे हैं और किस बारे में बात कर रहे हैं?’’

चीन मुद्दे पर भटकाने वाला मोदी का बयान
चिदम्बरम तथा पार्टी संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि चीनी कब्जे को लेकर सर्वदलीय बैठक में दिये गये प्रधानमंत्री के बयान ने पूरे देश को हक्का बक्का कर दिया है। मोदी का यह बयान रक्षा मंत्री तथा विदेश मंत्री के बयानों के विपरीत ही नहीं है बल्कि सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की टिप्पणी के भी विपरीत है। यह भ्रम फैलाने वाला बयान है और इस तरह के वक्तव्य देकर चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर देश को गुमराह किया जा रहा है।

देश पूरी तरह सेना के साथ, बिहार रेजिमेंट की वीरता पर है गर्व : PM मोदी

गौरतलब है कि मोदी ने भारत-चीन तनाव पर शुक्रवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कहा कि न कोई हमारे क्षेत्र में घुसा और न ही किसी ने हमारी चौकी पर कब्जा किया है। प्रधानमंत्री ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़पों को लेकर बुलाई गई इस बैठक के अंत में कहा कि चीन ने जो किया है उससे पूरा देश आहत और आक्रोशित है।

Desk Team