कांग्रेस ने शनिवार को अपने डिजिटल चैनल ‘आईएनसी टीवी’ का प्रसारण आरंभ कर दिया। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर पार्टी के डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में इस चैनल के प्रसारण की शुरुआत की गई। इस मौके पर संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, महासचिव अजय माकन, प्रवक्ता पवन खेड़ा, सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता और भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. मौजूद थे।
वरिष्ठ पत्रकार भूपेंद्र नारायण सिंह इस चैनल के प्रमुख बनाए गए हैं। यह चैनल सोशल मीडिया के सभी प्रमुख मंचों पर उपलब्ध होगा। वेणुगोपाल ने कहा कि इस चैनल के माध्यम से आम लोगों की आवाज को उठाना है और सरकार को जनहित के मुद्दों को लेकर सजग बनाए रखना है।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यधारा के मीडिया में कई ऐसे मुद्दों पर बात नहीं हो रही है जो आम लोगों से जुड़े हैं तथा इस चैनल पर ऐसे ही मुद्दों को उठाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने कहा कि यह चैनल उन मुद्दों को उठायेगा जो इस सरकार के तहत दबा दिए जाते हैं। कुछ दिन पहले इस चैनल को शुरू करने के बारे में घोषणा की गई थी।


Download Android App
Download iOS App



