नीट-जेईई परीक्षा करवाने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ 28 अगस्त को कांग्रेस पार्टी देशव्यापी प्रदर्शन करेगी। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता और कार्यकर्ता केंद्र सरकार से संबंधित दफ्तरों के बाहर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए धरना देंगे।
उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं को स्थगित कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के मकसद से 28 अगस्त को ही ‘स्पीक अप फॉर स्टूडेंट सेफ्टी’ हैशटैग से सोशल मीडिया में अभियान चलाया जाएगा। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि कोरोना संकट के बीच इन परीक्षाओं का आयोजन कराने का फैसला तानाशाहीपूर्ण है और इससे बच्चों की सेहत को खतरा पैदा होगा।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी आरोप लगाया कि इन परीक्षाओं के आयोजन से 25 लाख छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरे में डाला जा रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश भर में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ज़िद्दी मोदी सरकार उनकी शिकायतों को सुनने, उन पर विचार करने और सभी के लिए स्वीकार्य समाधान खोजने से इनकार क्यों कर रही है?’’
सुरजेवाला ने सवाल किया, ‘‘क्या मोदी सरकार इस बात की गारंटी देगी कि परीक्षा के दौरान कोई भी छात्र कोविड संक्रमण से ग्रस्त नहीं होगा? कौन-कौन सी सुरक्षा सावधानियां और प्रोटोकॉल रखे गए हैं? कौन देखेगा कि दिशानिर्देश और प्रोटोकॉल महज कागजी औपचारिकता न रहें?’’


Download Android App
Download iOS App



