लुधियाना-संगरूर : पंजाब के जिला संगरूर की पटियाला जिले के साथ लगती सरहद पर बसे गांव नदामपुर के नजदीक बीती रात किसी वाहन द्वारा बड़ी संख्या में कोविड-19 के तहत इस्तेमाल किए जाने वाली किटें फेंके जाने के बाद समस्त इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। एसएमओ भवानीगढ़ डॉ प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें इस बाबत सूचना आज सुबह सवेरे ही मिली है, जिसके पश्चात प्रदूषण विभाग और पुलिस को सूचित कर दिया गया है, जिन्होंने मोके पर पहुंचकर अगली कार्यवाही आरंभ कर दी है।
मौके पर पहुंची सेहत विभाग व प्रदूषण बोर्ड की टीम ने सबसे पहले दोनों तरफ से रास्ता चारों तरफ सील कर दिया। लोगों को नजदीक न आने की चेतावनी दी। प्राथमिक जांच में प्रशासन ने पाया कि यह पीपीई किट यहां लाकर फेंकी गई हैं। पीपीई किटें किसने फेंकी इसकी जांच की जा रही है।
लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर रात के समय किसी ने बड़ी मात्रा में इस्तेमाल की गई पीपीई किटें फैंकी हैंं। इसे अंजाम देने वाले व्यक्ति यदि इसे नहर में फेंकते तो इससे बड़ा नुकसान भी हो सकता था। प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी सिमरप्रीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार इस्तेमाल की गई किटों को खुले में फेंकना बेहद खतरनाक है। अगर कोई व्यक्ति या बेजुबान जानवर इन्हें छू लेता तो कोरोना वायरस फैलने का डर था।
उन्होंने कहा कि विभाग ने तुरंत मेडिकल बायोवेस्ट उठाने वाली कंपनी की टीम को बुलाकर यह पीपीई किटें सडक़ से हटवाई। उधर, सीनियर मेडिकल अफसर भवानीगढ़ डॉ. प्रवीण गर्ग ने कहा कि यह बेहद ही गंभीर मामला है। इस्तेमाल की गई पीपीई किटों को रास्ते में फेंकने से इनफेक्शन फैलने का खतरा है। इस संबंधी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



