भारत समेत दुनियाभर में कोविड-19 का प्रकोप जारी है। वायरस से निपटने के लिए तमाम देशों की सरकारें हरसंभव कोशिश कर रही है। अधिक्तर देशों ने वायरस से निपटने के लिए लॉकडाउन का सहारा लिया है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बिना लॉकडाउन की पाबंदियां हटाने में मिली सफलता के लिये डेनमार्क की सराहना की। आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने आज डेनमार्क के अपने समकक्ष मेटी फ्रेडरेस्किन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और दोनों देशों ने एक ठोस हरित सामरिक साझेदारी करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की।
भारत मे कोरोना वायरस के मद्देनजर 25 मार्च से ही लॉकडाउन लागू है जिसका तीसरा चरण रविवार को समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन 4 का स्पष्ट संकेत दिया है और कहा है कि इसका नियम और रूप अलग होगा। बहरहाल, बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बिना ही लॉकडाउन की पाबंदियों को हटाने में मिली सफलता के लिये डेनमार्क की सराहना की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत और डेनमार्क के विशेषज्ञ एक दूसरे के सम्पर्क में रहेंगे और एक दूसरे के अनुभवों से सीखेंगे।
बताते चले कि पूरी दुनिया इस वक्त वायरस से निपटने में लगी हुई है। दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4,399,550 तक पहुंच गई है और 299,333 लोगों की इस वायरस से जान जा चुकी है। वहीं, 1,570,083 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं। वहीं, भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 78,003 तक पहुंच गई है और 2,549 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 26,235 लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



