कोविड-19 मरीजों का अब होगा एंटीबॉडी कॉकटेल से इलाज, भारत में इस्तेमाल के लिए मिली मंजूरी

Summary :

दवा निर्माता कंपनी रॉश इंडिया ने बुधवार को बताया कि रॉश प्रायोगिक एंटीबॉडी कॉकटेल का इस्तेमाल कोविड-19 मरीजों के उपचार में करने के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से आपात इस्तेमाल प्राधिकार (ईयूए) प्राप्त हुआ है।

दवा निर्माता कंपनी रॉश इंडिया ने बुधवार को बताया कि रॉश प्रायोगिक एंटीबॉडी कॉकटेल का इस्तेमाल कोविड-19 मरीजों के उपचार में करने के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से आपात इस्तेमाल प्राधिकार (ईयूए) प्राप्त हुआ है।
रॉश इंडिया ने एक बयान में बताया कि भारत में कासिरिविम्ब और इमदेवमब एंटीबॉडी के मिश्रण का इस्तेमाल करने की अनुमति अमेरिका में ईयूए के लिए जमा आंकड़ों व यूरोपीय संघ के मानव पर चिकित्सा उत्पाद के इस्तेमाल की समिति (सीएचएमपी) के वैज्ञानिकों की राय के आधार पर मिली है।
कंपनी ने बताया, ‘‘आपात इस्तेमाल प्राधिकार प्राप्त होने के बाद रॉश इसका आयात वैश्विक उत्पादकों से कर भारत में रणनीतिक साझेदार सिपला के जरिये वितरित कर सकती है।’’ एंटीबॉडी कॉकटेल का इस्तेमाल कोविड-19 के हल्के एवं मध्यम लक्षण वाले मरीजों के उपचार में किया जाता है। आपको बता दे देश में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच 24 घंटे में देशभर में 3780 लोगों की मौत हुई है। अभी तक 1 दिन में कोरोना के कारण हुई यह सबसे अधिक मौतें हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में 3.82 लाख नए कोरोना रोगी भी सामने आए हैं।
इस बीच देशभर में अभी तक 2 करोड़ से अधिक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से बड़ी तादाद में कोरोना रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में 24 घंटे के दौरान 3,82,315 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 24 घंटे में ही देशभर में 3780 लोगों की मौत हुई। इसी दौरान दोनों 3,38,439 कोरोना रोगी स्वस्थ हुए हैं।

Desk Team