ताइवान ने कोरोना वायरस महामारी की विनाशकारी दूसरी लहर के खिलाफ भारत की लड़ाई में सहयोग देने के लिए रविवार को 150 ऑक्सीजन सांद्रक और 500 ऑक्सीजन सिलेंडर भेजें हैं। ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र (टीईसीसी) ने कहा कि भारत को जल्द ही चिकित्सीय उपकरणों एवं आपूर्तियों की और खेप भेजी जाएगी।
टीईसीसी ने कहा, “कोविड-19 वैश्विक महामारी की नयी लहर में भारत की जंग के खिलाफ उसके साथ मजबूत मित्रता व्यक्त करते हुए ताइवान भारत को अहम चिकित्सीय आपूर्तियां भेज रहा है। 150 ऑक्सीजन सांद्रक और 500 ऑक्सीजन सिलेंडरों की पहली खेप रविवार को नयी दिल्ली पहुंच गईं।”
टीईसीसी भारत में ताइवान का प्रतिनिधि कार्यालय है। इसने एक बयान में कहा, “ताइवान सरकार की ओर से, भारत में ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र ताइवान और भारत के बीच मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों की पुन: पुष्टि की कामना करता है।” इसमें कहा गया, “ताइवान द्वारा चिकित्सीय आपूर्ति भेजना दोनों पक्षों की विभिन्न एजेंसियों के बीच करीबी सहयोग एवं साझेदारी की गवाही देता है। यह सरकार और ताइवान के लोगों द्वारा भारत को मानवीय सहायता देने के लिए ठोस राहत प्रयासों एवं योगदान को भी प्रदर्शित करता है।”
भारत को ताइवान की मदद चीनी सैन्य विमानों द्वारा ताइवान हवाईक्षेत्र का उल्लंघन किए जाने की खबरों के बीच आई है। इस बीच, उज्बेकिस्तान ने भी भारत को 100 ऑक्सीजन सांद्रक के साथ ही रेमडेसिविर तथा अन्य दवाएं भेजी हैं।


Download Android App
Download iOS App



