माकपा नेता येचुरी का राजग सरकार पर बड़ा आरोप, बोले- राजग सरकार राज्यों को नगर निगम बनाने की कोशिश कर रही है

Summary :

माकपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कोरोना वायरस को फैलने से नहीं रोक पाई और इस महामारी के लिए की जा रही जांच की संख्या के मामले में भारत, दुनिया में सबसे कम जांच वाले देशों में है।

माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों को नगर निगम के स्तर तक कमतर करने की कोशिश कर रही है। येचुरी ने ‘तेलंगाना ऑनलाइ  सार्वजनिक बैठक’ को संबोधित करते हुए कहा कि लॉकडाउन के पहले तीन महीनों की अवधि में करीब 15 करोड़ लोगों की नौकरियां चली गयीं और उनकी क्रय क्षमता भी कम हो गयी, वहीं अमीर और अमीर हो गये।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कोरोना वायरस को फैलने से नहीं रोक पाई और इस महामारी के लिए की जा रही जांच की संख्या के मामले में भारत, दुनिया में सबसे कम जांच वाले देशों में है। उन्होंने कहा कि इस पर भी सरकार ने पल्ला झाड़ लिया और लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया।
माकपा नेता ने कहा कि राज्य सरकारें केंद्र से जीएसटी कर बकाया मांग रही है और केंद्र कहता है कि उसके पास पैसा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी तरफ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक निजी ट्रस्ट कोष पीएम केयर्स निधि का गठन किया।’’

Desk Team