भारत-पाक मैच का क्रेज, ‘जय हो टीम इंडिया’ शीर्षक से रेत पर बनाई कलाकृति

Summary :

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के लिए रेत पर शुभकामनाएं

दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का 5वां मैच खेला जा रहा है। इस मैच को देशभर के क्रिकेट प्रेमी देख रहे हैं। पाकिस्तान पर भारत की जीत के लिए क्रिकेट प्रेमियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। कुछ खास तरह का नजारा पुरी में देखने को मिला। जहां टीम इंडिया को अपनी शुभकामनाएं और क्रिकेट प्रेमियों में जोश भरने के लिए भारत के प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने ‘जय हो टीम इंडिया’ शीर्षक से रेत पर शानदार कलाकृति बनाई।

सुदर्शन पटनायक ने कहा, “मैं इस कला के माध्यम से चैंपियंस ट्रॉफी में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए टीम इंडिया को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। बताते चलें कि इस मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में 241 रन बनाए। भारत को 242 रनों का लक्ष्य मिला। खबर लिखने जाने तक भारत ने 10.2 ओवर में 66 रन बना लिए हैं। भारत ने कप्तान के तौर रोहित शर्मा का पहला विकेट गंवाया। रोहित ने 15 गेंदों में 20 रन बनाए। पारी के दौरान 3 चौके और एक छक्का लगाया।

दुबई के इस स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन तेजी से रन नहीं बना पाई। सऊद शकील (62) और मोहम्मद रिजवान (46) के बीच 104 रन की साझेदारी ही उनकी पारी की खासियत रही, हालांकि यह साझेदारी धीमी रही। 151/2 के स्कोर पर पाकिस्तान 250 के पार जाने के लिए तैयार दिख रहा था, लेकिन भारत ने पाकिस्तान को ऐसा करने से रोक दिया। कुलदीप और हार्दिक के अलावा, हर्षित राणा, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ आगाज किया है। वहीं, पाकिस्तान को पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.