CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। अब तक भारत के लगभग 38 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की।
बॉक्सिंग में स्वर्ण जीतने वाली प्रीति और जैस्मिन की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की 54 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रीति को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। उन्होंने लिखा कि प्रीति की निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट खेल उन्हें नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
इसके अलावा महिलाओं की 57 किलोग्राम स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली जैस्मिन लैम्बोरिया की भी पीएम ने जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जैस्मिन की मेहनत, अनुशासन और निरंतरता उनकी सफलता में साफ दिखाई देती है और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को भी मिली प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं
पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले प्रवीण चिथ्रावेल को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने खेल जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, जो भारतीय खेलों के लिए गर्व की बात है।
वहीं सेल्वा प्रभु थिरुमरन के कांस्य पदक जीतने पर पीएम मोदी ने कहा कि व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ पदक जीतना उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
शुभम जुयाल और सोमन राणा की ऐतिहासिक उपलब्धि
पुरुषों की शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले शुभम जुयाल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी दमदार तकनीक और खेल के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियों की ओर ले जाए।
इसी स्पर्धा में सोमन राणा ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह इस स्पर्धा में भारत का पहला कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक है। उन्होंने सोमन के फोकस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की विशेष प्रशंसा की।
जादूमणि और लवलीना के संघर्ष को भी सराहा
प्रधानमंत्री ने पुरुषों की 55 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले जदुमणि सिंह मांडेंगबाम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता साहस, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। आगे के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।
महिलाओं की 75 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली लवलीना बोरगोहेन की भी पीएम मोदी ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लवलीना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार कौशल और समर्पण का परिचय दिया तथा वह देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं।
साक्षी, प्रिया और अरुंधति के स्वर्णिम प्रदर्शन की तारीफ
महिलाओं की 51 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली साक्षी को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका दमदार प्रदर्शन और निर्णायक जीत पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
महिलाओं की 60 किलोग्राम स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली प्रिया घंगास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत उनके असाधारण कौशल और मानसिक मजबूती का प्रमाण है।
वहीं महिलाओं की 70 किलोग्राम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली अरुंधति चौधरी को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने शानदार तकनीक और अटूट आत्मविश्वास के दम पर इतिहास रचा है। उन्होंने अरुंधति के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
सचिन सिवाच को बताया युवाओं की प्रेरणा
प्रधानमंत्री मोदी ने पुरुषों की 60 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले सचिन सिवाच को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सचिन की यह उपलब्धि देश के युवा मुक्केबाजों को प्रेरित करेगी। पीएम ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों के नाम प्रधानमंत्री का विशेष संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।



Download Android App
Download iOS App




