देश में 4जी का इस्तेमाल बढ़ने से बीते साल यानी 2018 में डेटा ट्रैफिक में 109 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एक ताजा अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है। नोकिया के वार्षिक मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडिया ट्रैफिक (एमबिट) इंडेक्स में भारत में मोबाइल ब्रॉडबैंड प्रदर्शन पर अध्ययन किया गया है। इसमें कहा गया है कि 2018 में औसत डेटा इस्तेमाल 69 प्रतिशत बढ़कर 10 जीबी प्रति माह पर पहुंच गया। रपट में कहा गया है कि 4जी की वृद्धि 3जी डेटा ट्रैफिक की कीमत पर हुई है।
बीते साल 3जी डेटा ट्रैफिक में मामूली गिरावट आई। रपट में बताया गया है कि 2018 के अंत तक 4जी ग्राहकों की संख्या 3जी उपभोक्ताओं की तुलना में पांच गुना से अधिक थी। इसमें कहा गया है कि डेटा ट्रैफिक में गिरावट और सस्ते में 4जी उपकरणों की उपलब्धता की वजह से 4जी उपभोक्ताओं की संख्या में 137 प्रतिशत का इजाफा हुआ।
इसके अलावा बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं 3जी से 4जी की ओर स्थानांतरित हुए। इससे भी देश में 4जी डेटा ट्रैफिक में बढ़ोतरी हुई। रपट के अनुसार, ‘‘देश में बड़ी संख्या में लोग पहली बार मोबाइल पर ब्रॉडबैंड का अनुभव ले रहे हैं। साथ ही वे देश में ब्रॉडबैंड के व्यापक अवसरों को लेकर भी जागरूक हो रहे हैं।’’ रपट में बताया गया है कि छोटे शहरों और कस्बों में बीते साल 4जी डेटा ट्रैफिक में अधिक बढ़ोतरी हुई। इसकी वजह वीडियो स्ट्रीमिंग और मीडिया एप का इस्तेमाल बढ़ना है।


Download Android App
Download iOS App



