दीपावली-छठ के लिए अहमदाबाद स्टेशन पर यात्रियों की भीड़, डीआरएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Summary :

अहमदाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अहमदाबाद डिवीजन के डीआरएम वेद प्रकाश ने गुरुवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का दौरा कर निर्माण कार्य और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति देखी और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि एमएमटीएच बिल्डिंग यानी मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बिल्डिंग बन रही है, जिसका पूरा स्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। यह सोलह मंजिला इमारत है और दो मंजिल नीचे भी हैं, यानी कुल अठारह…

अहमदाबाद, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अहमदाबाद डिवीजन के डीआरएम वेद प्रकाश ने गुरुवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का दौरा कर निर्माण कार्य और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति देखी और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि एमएमटीएच बिल्डिंग यानी मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बिल्डिंग बन रही है, जिसका पूरा स्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। यह सोलह मंजिला इमारत है और दो मंजिल नीचे भी हैं, यानी कुल अठारह मंजिल की इमारत होगी। नीचे पार्किंग की व्यवस्था होगी और ऊपर होटल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 331 कमरों वाला यह होटल बनकर तैयार होगा और लक्ष्य है कि अगले अगस्त तक इसे पूरी तरह से चालू कर दिया जाए। इस इमारत के बनने से यात्रियों को एक ही जगह पर रेल, बस और अन्य परिवहन सुविधाओं के साथ ठहरने की सुविधा भी मिलेगी।

डीआरएम ने बताया कि अभी जहां निर्माण कार्य चल रहा है, वह स्टेशन का एग्जिट एरिया है, जहां से यात्री बाहर जाते हैं। सीमित जगह में भी काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुराने स्टेशन के हिस्से को तोड़ा जा रहा है और उसी जगह पर नॉर्थ एमएमटीएच बनाया जाएगा। काम के दौरान धूल को रोकने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, क्योंकि इसी परिसर में लगातार यात्रियों की आवाजाही भी बनी हुई है। रेलवे का प्रयास है कि निर्माण कार्य से यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

निर्माण कार्य के बीच भी यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड बना है। डीआरएम ने बताया कि ऐसे हालात में काम करते हुए भी अहमदाबाद से बुधवार को सबसे ज्यादा यात्रियों को भेजा गया। करीब 28 हजार लोगों को बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड जैसे राज्यों के लिए रवाना किया गया। इसके लिए कल करीब दस ट्रेनें पूर्व की ओर चलाई गईं, जिनमें से तीन स्पेशल ट्रेनें केवल सामान्य श्रेणियों के यात्रियों के लिए थीं। इनमें दो अमृत भारत ट्रेनें और एक पूरी सामान्य श्रेणी की ट्रेन शामिल थी।

उन्होंने कहा कि रेलवे ने पिछले साल से ज्यादा बेहतर व्यवस्था की है। पिछले साल बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव था और पूजा के लिए लोगों ने लंबे समय पहले से छुट्टियां तय कर रखी थीं, इसके बावजूद इस बार ज्यादा यात्री यात्रा कर रहे हैं।

आंकड़ों का जिक्र करते हुए डीआरएम ने बताया कि पिछले साल 3 तारीख को करीब 18 हजार लोग गए थे, जबकि इस बार उसी दिन करीब 22 हजार लोग गए। इसी तरह पिछले साल 4 तारीख को करीब 22 हजार लोग गए थे, जबकि इस बार 4 तारीख को करीब 28 हजार लोगों को भेजा गया। ये सभी लोग अहमदाबाद में काम करते हैं और छुट्टियों में अपने घर बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जाते हैं।

डीआरएम ने कहा कि यात्रियों को अच्छे से ठहराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। एनजीओ को भी इसमें शामिल किया गया है, ताकि यात्रियों को पानी, खाना और जरूरी जानकारी मिलती रहे। हर घंटे इस बात की निगरानी की जा रही है कि किस दिशा के लिए कितनी टिकट कट रही है। उसी के अनुसार ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।

साबरमती स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं के बारे में पूछे जाने पर डीआरएम ने बताया कि वहां 36 मीटर और 108 मीटर का क्षेत्र पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। वहां हजार-हजार लोगों की क्षमता वाले होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां लोग आसानी से रह रहे हैं। होल्डिंग एरिया में खाने, पानी, बच्चों के लिए बिस्किट और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही बाथरूम और प्रतीक्षा करने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो।

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.