नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में एक बुजुर्ग को गिराकर उसकी सोने की अंगूठी लूटने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं और अकेले सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाती थीं।
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय शख्स 6 जुलाई को कापसहेड़ा स्थित एक वेयरहाउस में नौकरी के लिए इंटरव्यू के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान फन एंड फूड के पास अचानक दो महिलाएं उनकी बाइक के सामने आ गईं। अचानक ब्रेक लगाने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।
आरोप है कि दोनों महिलाएं उन्हें उठाने के बहाने उनके पास पहुंचीं। एक महिला ने उनके दोनों हाथों को पकड़ लिया, जबकि दूसरी ने उनका ध्यान भटकाने के लिए उन्हें शारीरिक रूप से परेशान किया। इसी दौरान दूसरी महिला ने उनके दाहिने हाथ में पहनी सोने की अंगूठी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गईं।
घटना से सदमे में आए पीड़ित ने अगले दिन पुलिस को शिकायत दी। इसके आधार पर कापसहेड़ा थाने में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं की पहचान अंजली और शिल्पा के रूप में की। दोनों दक्षिणी दिल्ली के खानपुर इलाके की रहने वाली हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी महिलाएं पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रही हैं। पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल को उन्होंने वसंत कुंज साउथ इलाके में एक क्रेटा कार सवार व्यक्ति को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाएं बेहद शातिर तरीके से अकेले सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाती थीं। पहले वे किसी बहाने उन्हें रोकतीं या गिराने की कोशिश करतीं और फिर मदद का नाटक कर उनका ध्यान भटकाकर कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं।
फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























