केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि देश में कोरोना के खिलाफ लोगों का तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है और अपनी जरूरत को ध्यान में रखते हुए अन्य देशों को भी भारत में बने कोविड-19 टीकों की आपूर्ति की जा रही है।
हर्षवर्द्धन ने एक पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि अफगानिस्तान, मंगोलिया, म्यांमार, ओमान, दक्षिण अफ्रीका, यूएई सहित 22 देशों से कोविड के खिलाफ भारत में तैयार टीकाें की मांग आयी है और उसे पूरा करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में सात और टीके तैयार हो रहे हैं जिनमें तीन अंतिम चरण में तथा दो दूसरे चरण में हैं।
यह पूछने पर कि क्या टीका सभी को लगाया जा रहा है तो उनका कहना था कि देश में तेजी से लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है और जब कोरोना योद्धाओं के टीकाकरण का काम पूरा हो जाएगा तो 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को यह टीका लगाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टीका कब और किसे लगाना है और इसकी नीति क्या होगी यह फैसला विशेषज्ञों का राष्ट्रीय समूह तय करता है। इस समूह का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त में कर दिया था और यही समूह तय करता है कि कब, किसे और कितने लोगों का टीकाकरण होना है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण का तीसरा चरण मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा।


Download Android App
Download iOS App



