पटना : जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के आह्वान पर दहेज, बाल विवाह व कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करने के लिए 21 जनवरी को पूरा बिहार एकजुट होगा। पूर्ण शराबबंदी के पक्ष में पिछले साल बनी मानव शृंखला से भी बड़ी मानव शृंखला इस बार बनाकर बिहार नया रिकॉर्ड कायम करेगा।
नीतीश जी के नेतृत्व में चौतरफा तेज तरक्की और व्यापक सुधार के मोड में आया बिहार राह के हर रोड़े को हटाकर आगे बढ़ेगा। इसके लिए हर बिहारवासी अपनी पारिवारिक और सामाजिक बुराईयों को भी तिलांजलि देने को तैयार है। राज्य के कोने-कोने में जदयू कार्यकर्ता मानव शृंखला में भाग लेने और मुख्यमंत्री जी के आह्वान का अनुसरण करने के लिए घर-घर संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 जनवरी को प्रस्तावित मानव शृंखला में पिछले साल के तीन करोड़ लोगों से भी कहीं ज्यादा लगभग चार करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस आयोजन को लेकर बच्चों व युवाओं के अलावा महिलाओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।
नीतीश राज में हुए महिलाओं के सशक्तिकरण के जबरदस्त कार्यों और पूर्ण शराबबंदी से बिहार की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। घर-परिवार समेत स्थानीय राजनीति और समाज की मुख्यधारा में भी सामने आईं महिलाओं को मजबूत आर्थिक आधार भी मिला है। अब वे बोझ नहीं हैं। दहेज, बाल विवाह और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को खत्म करना आज के समय की मांग है। पूरा बिहार अपने नेता नीतीश कुमार जी के आह्वान पर एकजुट है। यही एकजुटता 21 जनवरी को मानव शृंखला में भी दिखेगी।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



