देश में 29 मई से शुरू होगा विकसित कृषि संकल्प अभियान: शिवराज सिंह चौहान

Summary :

जल संरक्षण पर जोर, 29 मई से नए अभियान की शुरुआत

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के बुधनी में विकसित भारत संकल्प पदयात्रा के दौरान जल संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू करने की घोषणा की, जिसके तहत वैज्ञानिक किसानों के खेतों तक पहुंचकर उन्हें सलाह देंगे। अभियान का उद्देश्य कृषि में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की विकसित भारत संकल्प पदयात्रा दूसरे दिन विदिशा संसदीय क्षेत्र के बुधनी के कई गांवों में पहुंची। इस मौके पर उन्होंने जल संरक्षण पर जोर दिया और जल को खजाना बताया। वहीं, आगामी 29 मई से पूरे देश में विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू करने की बात कही। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान के तहत वैज्ञानिक किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पास 16 हजार वैज्ञानिक हैं, जिनमें से दो हजार 170 वैज्ञानिकों की टीमें देशभर के गांवों में पहुंचेंगी और उनके साथ चर्चा करेंगी।

नई दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च की दो जीनोम-एडिटेड धान की किस्में

वैज्ञानिक गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों की एग्रो क्लाइमेटिक कंडीशन्स, मिट्टी के स्वास्थ्य, मिट्टी के पोषक तत्व, खाद और बीज, कीटों के प्रकोप को समझेंगे और किसानों को सलाह देंगे। साथ ही किसान भी वैज्ञानिकों से अपनी समस्याओं को साझा करेंगे। इसके अलावा मिट्टी के हिसाब से कौन सी फसल उपयुक्त है, कौन से बीज बेहतर हैं, ऐसे कई विषयों पर वैज्ञानिक किसानों से चर्चा करेंगे।

पदयात्रा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले बिजला जोड़ में युवाओं से भेंट कर उनसे संवाद किया। इस दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सेनाओं के शौर्य तथा पराक्रम की सबने सराहना की। फिर स्ट्रीट वेंडर योजना और विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों से भी संवाद किया। उसके बाद शिवराज सिंह, चांदा ग्रहण जोड़ पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वॉटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा की। वहीं, भैरूंदा में भी केंद्रीय मंत्री ने महिला सशक्तीकरण सहित केंद्र की योजनाओं को लेकर लाभार्थियों से संवाद किया।पदयात्रा के दौरान शिवराज सिंह और पत्नी साधना सिंह ने हाथों में तीर-कमान लेकर पारंपरिक आदिवासी नृत्य भी किया। विकसित भारत संकल्प पदयात्रा के दौरान जल जीवन मिशन की कलश यात्रा में कृषि मंत्री शामिल हुए और जनता को जल संरक्षण के लिए संकल्प भी दिलाया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.