वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तत्काल सांसद निधि बहाल करने की मांग की।सिंह ने मोदी को मंगलवार को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पिछले वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण केन्द्र सरकार ने दो वर्षों के लिए सांसद निधि स्थगित कर दी थी। सांसद निधि के माध्यम से ही संसद सदस्यों को अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्य कराने में मदद मिलती है।’’
उन्होंने कहा, “एक साल से इससे वंचित हैं। आज फिर वही कोरोना की महामारी कई गुना रफ्तार से फैलती जा रही है और सांसद निधि नहीं दी जा रही है।”सिंह ने लिखा, ‘‘सांसद निधि तत्काल दिलाएं, ताकि हम लोग अपने फंड का इस्तेमाल इस बीमारी से पीड़ित लोगों की जांच एवं उपचार सामग्री मुहैया कराये जाने में कर सकें। जगह-जगह से हम लोगों को ऑक्सीजन, ऑक्सीजन संकेंद्रक, वेंटिलेटर, सी टी स्कैन मशीन, रेमडेसिविर आदि खरीद कर उपलब्ध कराने की मांग आ रही है।’’उन्होंने कहा, ‘‘मेरा आपसे (मोदी) अनुरोध है कि आपदा के इस समय में सांसदों की सांसद निधि तत्काल जारी करने का कष्ट करें।’’


Download Android App
Download iOS App



