दिल्ली में प्रदूषण से सांस लेना हुआ मुश्किल, आप ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

Summary :

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण, पंजाब पीसीएस परीक्षा परिणाम विवाद और चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार ने सरकार पर निशाना साधा है। संजीव झा ने प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराने की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए कपिल मिश्रा पर पटाखा कंपनियों के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, कुलदीप कुमार ने इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली और राहत-बचाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। दिवाली…

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण, पंजाब पीसीएस परीक्षा परिणाम विवाद और चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार ने सरकार पर निशाना साधा है। संजीव झा ने प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराने की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए कपिल मिश्रा पर पटाखा कंपनियों के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, कुलदीप कुमार ने इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली और राहत-बचाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और कपिल मिश्रा के आरोपों पर संजीव झा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने जिन लोगों को चुनकर सरकार में भेजा, वे जनता की चिंता करने के बजाय पटाखा कंपनियों के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है और लोग सांस लेने में परेशानी झेल रहे हैं। दमा और अस्थमा के मरीजों की स्थिति को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।

संजीव झा ने दावा किया कि प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। पंजाब में वर्ष 2022 में पराली जलाने की घटनाओं को लेकर 72 हजार एफआईआर दर्ज हुई थीं, जबकि अब ऐसी घटनाओं की संख्या घटकर करीब डेढ़ से दो हजार रह गई है। पराली जलाने की घटनाओं में लगभग 90 प्रतिशत कमी आई है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब के किसानों को इस कमी का श्रेय क्यों नहीं दिया जा रहा और उनकी सराहना करने के बजाय उन्हें बदनाम करने की कोशिश क्यों हो रही है।

उन्होंने पटाखों को लेकर हो रही राजनीति पर भी सवाल उठाए। संजीव झा ने कहा कि प्रदूषण बढ़ने के बाद इसकी जिम्मेदारी दूसरों पर डालने के बजाय वास्तविक कारणों पर बात होनी चाहिए। कुछ लोग पटाखा कंपनियों के हित में बयान दे रहे हैं और पटाखों की बिक्री को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। धार्मिक भावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की चिंता करने वालों को पहले दिल्ली की गलियों में फैले कचरे और खुदी हुई सड़कों की सफाई पर ध्यान देना चाहिए। लोगों की जान और स्वास्थ्य की चिंता करना भी जरूरी है।

पंजाब पीसीएस परिणाम विवाद पर संजीव झा ने भाजपा नेता तरुण चुघ को जवाब देते हुए कहा कि उन्हें पहले देशभर में हो रही पेपर लीक की घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए। पंजाब की सरकार सक्षम है और वह इस मामले को देखेगी। यदि किसी एक स्थान पर कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामलों को पहले ठीक करने की बात कही।

दिल्ली में इमारत गिरने से सात लोगों की मौत के मामले पर आप विधायक कुलदीप कुमार ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण लोगों की जान गई। 5 नवंबर को दो शव बरामद हुए थे, जबकि बाकी पांच शव निकालने में तीन दिन लग गए। आखिरी शव आठ तारीख को बरामद हुआ। विधायक ने कहा कि अधिकारियों और डीसीपी की ओर से यह कहा गया था कि अब कोई शव मौजूद नहीं है। कुलदीप कुमार ने सवाल उठाया कि जब बचाव कार्य चल रहा था, तब ऐसी बात कहे जाने से रेस्क्यू करने वालों के काम पर क्या असर पड़ा होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बचाव कार्य में लगाए गए मजदूरों का भुगतान उन परिवारों को करना पड़ा, जिनके अपने लोग मलबे में दबे हुए थे। गरीब मजदूरों से भी उनकी दिहाड़ी के पैसे लिए गए।

कुलदीप कुमार ने सरकार से पूछा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों की क्या मदद की गई और उन्हें कितना मुआवजा दिया गया। उन्होंने मांग की कि छठ पूजा से पहले मृतकों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सात पूर्वांचल के लोगों की मौत हुई है और सरकार को उनके परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।

प्रदूषण के मुद्दे पर कुलदीप कुमार ने भी कपिल मिश्रा और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर सवाल उठाए जाने पर अलग-अलग मंत्री जवाब देने आ जाते हैं, जबकि जिम्मेदार लोगों को सीधे जवाब देना चाहिए। उन्होंने मंजिंदर सिंह सिरसा से पूछा कि दिल्ली में प्रदूषण कम करने के उनके दावों के बावजूद हालात क्यों बिगड़ रहे हैं। कुलदीप कुमार ने ग्राप-3 के नियमों के पालन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रतिबंधों के बावजूद दिल्ली में निर्माण कार्य जारी थे और इसी दौरान इमारत गिरने की घटना हुई। कई जगह मकानों पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सरकार नियमों का पालन नहीं करा पा रही। इसमें पैसे और कमीशनखोरी की भूमिका है।

उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली में ‘क्लीन दिल्ली, ग्रीन दिल्ली’ और ‘रेड लाइट ऑन, इंजन ऑफ’ जैसे अभियान चलाए जाते थे, लेकिन अब प्रदूषण रोकने के लिए ठोस काम दिखाई नहीं दे रहा। सरकार लोगों की समस्याओं के बजाय प्रचार और आयोजनों में व्यस्त है।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.